नीमच। सेवा संकल्प अभियान के तहत मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नीमच भ्रमण के दौरान जिले से चयनित “सफलता की कहानियों” के किसानों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने भाटखेड़ी गांव के प्रगतिशील किसान एवं ‘बैम्बू मैन’ के नाम से प्रसिद्ध कमलाशंकर विश्वकर्मा के प्रदर्शन स्टॉल का भी अवलोकन किया।
विश्वकर्मा ने मुख्यमंत्री को राष्ट्रीय बांस मिशन, प्राकृतिक एवं जैविक खेती तथा जैव विविधता संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किस प्रकार उन्होंने अपने खेत को कृषि एवं प्रकृति आधारित पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया है, जहां दूर-दराज से पर्यटक प्रवेश शुल्क देकर पिकनिक, फोटोग्राफी तथा प्रकृति का आनंद लेने पहुंच रहे हैं। यहां आने वाले लोग तितलियों, विभिन्न पक्षियों और समृद्ध जैव विविधता को करीब से देखकर प्राकृतिक वातावरण का अनुभव करते हैं।
मुख्यमंत्री ने विश्वकर्मा के इन नवाचारों और खेती को पर्यटन से जोड़ने के प्रयासों की सराहना की इस अवसर पर जिला कलेक्टर हिमांशु चंद्रा, नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार, मनासा विधायक माधव मारू, वंदना खंडेलवाल, स्वाति चोपड़ा एवं कई जिला अधिकारी भी उपस्थित रहे।