नीमच। भाटखेड़ा स्थित राधादेवी रामचंद्र मंगल ग्रुप ऑफ कॉलेजेस में मंगलवार को भक्ति, आस्था एवं भारतीय संस्कृति का भव्य संगम देखने को मिला। महाविद्यालय परिसर में छप्पन भोग एवं भव्य महाआरती का गरिमामय आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महाविद्यालय परिवार, विद्यार्थी एवं श्रद्धालु सहभागी बने। कार्यक्रम के अवसर पर महाविद्यालय परिसर को आकर्षक एवं मनोहारी रूप से सजाया गया। धार्मिक एवं सांस्कृतिक वातावरण के बीच भगवान को विधि-विधान एवं श्रद्धाभाव के साथ छप्पन भोग अर्पित किया गया। इसके पश्चात भव्य महाआरती का आयोजन हुआ, जिसमें उपस्थितजनों ने श्रद्धापूर्वक सहभागिता की।महाआरती के दौरान पूरा परिसर दीपों की रोशनी, मंत्रोच्चार एवं भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों एवं उपस्थितजनों की सहभागिता ने आयोजन को विशेष भव्यता प्रदान की। श्रद्धालुओं में कार्यक्रम को लेकर विशेष उत्साह एवं उमंग देखने को मिली। आयोजन के माध्यम से राधा देवी रामचंद्र मंगल ग्रुप ऑफ कॉलेजेस ने शिक्षा के साथ-साथ भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं एवं संस्कारों के संरक्षण और संवर्धन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को भी अभिव्यक्त किया। सुव्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण आयोजन ने महाविद्यालय की सांस्कृतिक एवं सामाजिक सहभागिता को भी रेखांकित किया।