नीमच। श्री एस.आर. ग्रुप ऑफ कॉलेजेस में 10 दिवसीय गणेश उत्सव के अंतर्गत बुधवार को सामाजिक सरोकार से जुड़ी पहल करते हुए रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में महाविद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षक एवं गैर-शिक्षकीय स्टाफ के साथ आसपास के नागरिकों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। रक्तदाताओं ने उत्साह के साथ सहभागिता करते हुए जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्तदान को समाजसेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। इस दौरान उपस्थित महाविद्यालय प्रबंधन एवं स्टाफ ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया तथा विद्यार्थियों को रक्तदान के महत्व की जानकारी दी। कार्यक्रम में चेयरमैन  संजु देवी तिवारी, डायरेक्टर धर्मेश तिवारी, एडमिन  मोहनलाल शर्मा एवं प्राचार्य डॉ. चेतना त्रिपाठी सहित महाविद्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा। महाविद्यालय प्रबंधन ने कहा कि गणेश उत्सव को धार्मिक आयोजन के साथ सामाजिक सेवा से जोड़ने का उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंदों की मदद की जा सकती है। शिविर के सफल आयोजन में सहयोग करने वाले सभी रक्तदाताओं एवं सहयोगियों का महाविद्यालय परिवार ने आभार व्यक्त किया।