नीमच। भाटखेड़ा स्थित राधादेवी रामचंद्र मंगल इंस्टीट्यूट में विश्व फार्मासिस्ट दिवस 2026 के अवसर पर दो दिवसीय विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष की थीम “स्वस्थ भविष्य के लिए फार्मासिस्टों को सशक्त बनाना” को केंद्र में रखते हुए विद्यार्थियों के लिए औद्योगिक भ्रमण, विशेषज्ञ व्याख्यान तथा विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। कार्यक्रम का शुभारंभ 24 सितंबर को उद्घाटन समारोह एवं औद्योगिक भ्रमण के साथ होगा। औद्योगिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को औषधि उद्योग की कार्यप्रणाली, दवाओं के निर्माण से जुड़ी प्रक्रियाओं तथा व्यावसायिक कार्यप्रणाली को नजदीक से समझने का अवसर मिलेगा।
वहीं 25 सितंबर को “स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में फार्मासिस्ट की भूमिका” विषय पर विशेष विशेषज्ञ व्याख्यान आयोजित किया जाएगा। इसमें श्रीराम मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल, नीमच के परामर्शदाता चिकित्सक डॉ. कमलेश पाटीदार (एमबीबीएस, एमडी) विद्यार्थियों से संवाद करेंगे। डॉ. पाटीदार स्वास्थ्य सेवा एवं अस्पताल व्यवस्था में फार्मासिस्ट की महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में विद्यार्थियों को जानकारी देंगे। इसमें दवाओं के उचित चयन एवं उपयोग, सही मात्रा, दवाओं से संबंधित जानकारी, दवा सुरक्षा, मरीजों को परामर्श देने तथा चिकित्सकों एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मियों के साथ समन्वय कर मरीजों की देखभाल जैसे विषय शामिल रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान समाज में फार्मासिस्ट की भूमिका पर भी विशेष चर्चा होगी। लोगों को दवाओं के सही उपयोग के प्रति जागरूक करने, बिना चिकित्सकीय सलाह के दवा लेने की प्रवृत्ति से होने वाले जोखिमों के प्रति सावधान करने तथा दवाओं के तर्कसंगत उपयोग को बढ़ावा देने पर जोर दिया जाएगा। इसी क्रम में श्रीनगर, कश्मीर की औषधि निरीक्षक एवं औषधि विश्लेषक डॉ. तसनीम आरा द्वारा भी विद्यार्थियों के लिए विशेष विशेषज्ञ संवाद एवं व्याख्यान सत्र आयोजित किया जाएगा। इसमें औषधि नियमन, गुणवत्ता नियंत्रण, दवा सुरक्षा तथा फार्मासिस्ट की व्यावसायिक जिम्मेदारियों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन दिया जाएगा। विद्यार्थियों की रचनात्मकता और फार्मेसी क्षेत्र के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए पोस्टर प्रस्तुति प्रतियोगिता एवं सेल्फी प्वाइंट प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। सेल्फी प्वाइंट प्रतियोगिता की टैगलाइन “क्लिक करें पोस्ट करें •टैग करें • जीतें” रखी गई है।
संस्थान द्वारा आयोजित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों को कक्षा में होने वाली पढ़ाई के साथ-साथ औषधि उद्योग का व्यावहारिक अनुभव, विशेषज्ञों का मार्गदर्शन तथा स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र की वास्तविक कार्यप्रणाली की समझ प्रदान करना है। विश्व फार्मासिस्ट दिवस के माध्यम से फार्मेसी शिक्षा, मरीजों की देखभाल और समाज में स्वास्थ्य जागरूकता के क्षेत्र में फार्मासिस्ट की महत्वपूर्ण भूमिका को भी सामने लाया जाएगा।