नीमच/मनासा। मनासा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम फूलपुरा में भारतीय हलधर किसान यूनियन की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया जा रहा है। बैठक में किसानों की वर्तमान समस्याओं, पूर्व में उठाए गए मुद्दों तथा आगामी आंदोलन और समाधान की रणनीति पर सामूहिक रूप से चर्चा की जाएगी। बैठक में इस वर्ष अल्पवर्षा से किसानों को हुए नुकसान का मुद्दा प्रमुखता से उठाया जाएगा। मूंग, चना, उड़द सहित अन्य फसलों की कटाई के दौरान हुई बारिश से फसल खराब होने तथा सोयाबीन की फसल में कम पानी के कारण दाने कमजोर रहने और उत्पादन प्रभावित होने की स्थिति पर भी चर्चा होगी। किसानों की मांग है कि फसल नुकसान का सर्वे कराकर पात्र किसानों को फसल बीमा एवं मुआवजा दिलाया जाए। इसके अलावा अफीम किसानों के डोडा-चूरा, पट्टों से जुड़े विषय तथा विस्थापन के बाद पुनर्वासित गांवों में रहने वाले किसानों की भूमि और मकान संबंधी समस्याओं पर भी चर्चा की जाएगी। कई किसानों के पास घर, मकान एवं कृषि भूमि के पट्टे नहीं होने तथा सरकार की पट्टे से रजिस्ट्री संबंधी योजनाओं का लाभ दिलाने की मांग को लेकर भी सामूहिक सुझाव लिए जाएंगे। बैठक में किसान-मजदूरों के साथ छोटे-बड़े व्यापारियों से जुड़े डिजिटल भुगतान संबंधी मुद्दों पर भी सुझाव लिए जाएंगे। विशेष रूप से फोन-पे और गूगल-पे जैसे डिजिटल भुगतान माध्यमों से जुड़े शुल्क एवं लेनदेन संबंधी समस्याओं पर चर्चा की जाएगी। भारतीय हलधर किसान यूनियन ने अधिक से अधिक किसानों, मजदूरों एवं व्यापारियों से बैठक में पहुंचकर अपने सुझाव रखने और समस्याओं के सामूहिक समाधान की रणनीति बनाने में भागीदारी करने का आह्वान किया है।
दिनांक 26/82026 शनिवार
बैठक का समय : सुबह 11:30 बजे
स्थान : ग्राम फूलपुरा, मनासा विधानसभा क्षेत्र 228 जिला नीमच