नीमच। आगामी 28,29 और 30 सितंबर को प्रस्तावित तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल तथा 26 सितंबर को चौथे शनिवार के कारण बैंक बंद रहेंगे। लगातार चार दिन बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहने से नीमच कृषि उपज मंडी में व्यापारियों के लिए नकद राशि की उपलब्धता प्रभावित होने की संभावना है। कृषि उपज मंडी समिति नीमच ने किसानों और व्यापारियों को सूचना जारी कर बताया कि कृषि उपज की नीलामी के बाद किसानों को व्यापारियों के पास उपलब्ध नकद राशि के अनुसार नकद भुगतान किया जाएगा। शेष राशि किसानों के बैंक खातों में आरटीजीएस,एनईएफटी, नेट बैंकिंग अथवा यूपीआई के माध्यम से भेजी जाएगी। मंडी प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि बैंक हड़ताल के दौरान भुगतान व्यवस्था को लेकर सहयोग करें, ताकि मंडी में कृषि उपज की नीलामी और भुगतान प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो सके।