नीमच। श्री एस,आर ग्रुप ऑफ कॉलेजेस, नीमच में आयोजित 10 दिवसीय गणेश उत्सव का भव्य एवं भावपूर्ण समापन भगवान श्री गणेश जी की विसर्जन यात्रा के साथ हुआ। पूरे उत्सव के दौरान कॉलेज परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।विसर्जन के अवसर पर बड़ी संख्या में कॉलेज के छात्र-छात्राओं एवं स्टाफ सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। डीजे एवं बैंड की भक्तिमय धुनों,ढोल-नगाड़ों,आतिशबाजी, गुलाल एवं पुष्पवर्षा के साथ श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा को विदाई दी। इस दौरान भक्तों के लिए प्रसादी का भी आयोजन किया गया,जिसका सभी ने श्रद्धापूर्वक लाभ लिया।विसर्जन यात्रा में संस्था की चेयरमैन श्रीमती संजु देवी तिवारी,मैनेजिंग डायरेक्टर धर्मेश तिवारी, एडमिन मोहनलाल जी शर्मा,प्राचार्य श्रीमती चेतना त्रिपाठी सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने पूरे उत्साह एवं श्रद्धा के साथ बप्पा को विदाई दी। विदाई के इस भावुक क्षण में कॉलेज परिवार ने नम आँखों से गणपति बप्पा को विदा करते हुए अगले वर्ष पुनः पधारने की प्रार्थना की। पूरे परिसर में “गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ” के जयघोष गूंजते रहे। इस अवसर पर कॉलेज परिवार ने गणेश उत्सव को सफल एवं यादगार बनाने में सहयोग करने वाले सभी विद्यार्थियों, स्टाफ सदस्यों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।