नीमच जिले के लासुर (रेडी) गांव के ग्रामीणों ने बदमाशों पर 23 सितंबर की रात घर में घुसकर हमला करने का आरोप लगाया है। पुलिस पर सुनवाई न करने का आरोप लगाते हुए पीड़ितों ने गुरुवार को एसपी दफ्तर पहुंचकर न्याय और सुरक्षा की मांग की। पीड़ित प्रभुलाल और हजारीलाल बंजारा ने बताया कि तस्कर राहुल बंजारा ने जमीन रंजिश के चलते 10-15 हथियारबंद बदमाशों को उनके घर भेजा था। लाठी, तलवार और लोहे की पाइप से लैस बदमाशों ने घर में घुसकर मारपीट की। शोर मचाने पर ग्रामीणों ने एक हमलावर को पकड़कर सरवानिया महाराज पुलिस चौकी के हवाले भी किया था।
एसपी से निष्पक्ष जांच और सुरक्षा की मांग
ग्रामीणों का आरोप है कि चौकी पुलिस ने शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया और आरोपियों के दबाव में कोई कार्रवाई नहीं की। पीड़ितों का कहना है कि आरोपी आपराधिक और मादक पदार्थ तस्करी की गतिविधियों में शामिल हैं, जिससे गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने एसपी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, आरोपियों पर सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को सुरक्षा देने की मांग की है।