नीमच। ‘नशे से दूरी, है जरूरी 2.0’ अभियान के तहत बघाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 642 ग्राम MD ड्रग्स और 5 किलो डोडाचूरा जब्त किया है। पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब 12.99 लाख रुपए बताई गई है। इसके अलावा दो बाइक और पांच मोबाइल सहित कुल जब्त माल की कीमत करीब 14.99 लाख रुपए है।
पुलिस के अनुसार 25 सितंबर को उप निरीक्षक रामकिशन सिंधावत को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ युवक बघाना से धनेरिया होते हुए अरनिया कुमार क्षेत्र में मादक पदार्थ की खेप लेकर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने अरनिया फंटा आमरोड पर नाकाबंदी की। कुछ देर बाद धनेरिया की ओर से एक हीरो स्प्लेंडर बाइक और उसके पीछे आ रही एचएफ डीलक्स बाइक को पुलिस ने घेराबंदी कर रोक लिया। तलाशी के दौरान प्लास्टिक के कट्टे में 642 ग्राम MD ड्रग्स और 5 किलो डोडाचूरा बरामद हुआ।
पुलिस ने मौके से इस्माइल (25), पवन चौहान (20), कुशाल धनकानी (20), कृश तिग्गा (20) और नाजिम हुसैन (23), सभी निवासी बघाना क्षेत्र,को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि मादक पदार्थ की खेप नाजिम हुसैन को दी जानी थी। पुलिस अब मामले में जुड़े अफजल मुसलमान सहित अन्य लोगों की भूमिका और नशे के नेटवर्क की कड़ियों की जांच कर रही है।
14.99 लाख का माल जब्त,कार्रवाई में 642 ग्राम MD ड्रग्स व 5 किलो डोडाचूरा (12.99 लाख रुपए), दो बाइक (एक लाख रुपए) और पांच एंड्रॉइड मोबाइल (1.50 लाख रुपए) जब्त किए गए। कुल मशरूका करीब 14.99 लाख रुपए बताया गया है।
बघाना थाने में अपराध क्रमांक 318/2026 के तहत NDPS एक्ट की धारा 8, 22, 15 और 29 में प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर सप्लाई चैन और अन्य संभावित आरोपियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।