नीमच। अनंत चतुर्दशी के पावन अवसर पर जय गणेश परिवार,नीमच की ओर से शुक्रवार को अमर ज्योतिर्लिंग महादेव मंदिर, रोडवेज बस स्टैंड के पास विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। सुबह 11 बजे शुरू हुआ भंडारा शाम 5 बजे तक चला। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर प्रसादी ग्रहण की। आयोजन स्थल पर दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। जय गणेश परिवार के सदस्यों ने श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की। धार्मिक वातावरण के बीच सेवा भाव से आयोजित भंडारे में शहरवासियों के साथ धर्मप्रेमी नागरिकों ने भी सहभागिता की। आयोजकों ने बताया कि अनंत चतुर्दशी के अवसर पर जय गणेश परिवार की ओर से यह दूसरा विशाल भंडारा आयोजित किया गया। आयोजन में रणथंभौर,सवाई माधोपुर में विराजमान गणेशजी महाराज,माता सिद्धि-रिद्धि और शुभ-लाभ का स्मरण करते हुए सेवा कार्य किया गया। विश्व कल्याण की भावना से सवाई माधोपुर स्थित विश्व प्रसिद्ध गढ़ रणत भंवर गणेशजी की निःशुल्क मंगल ज्योत का भी आयोजन किया गया। भंडारे के दौरान श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण करने के साथ धार्मिक आयोजन में सहभागिता की।