नीमच। भाटखेड़ा स्थित राधा देवी रामचंद्र कॉलेज में विश्व फार्मासिस्ट दिवस 2026 के अवसर पर 24 एवं 25 सितंबर को भव्य दो दिवसीय समारोह का आयोजन किया गया। आयोजन में विद्यार्थियों को फार्मेसी के व्यावहारिक, औद्योगिक एवं स्वास्थ्य क्षेत्र से जोड़ते हुए औद्योगिक भ्रमण,विशेषज्ञ सत्र, टीम आधारित पोस्टर प्रेजेंटेशन प्रतियोगिता एवं सेल्फी प्रतियोगिता जैसी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। पूरे कार्यक्रम में विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिली। समारोह के प्रथम दिन बी.फार्म. के विद्यार्थियों को धानुका सोया प्रा. लि., जमुनिया कला, नीमच का औद्योगिक भ्रमण कराया गया। विद्यार्थियों ने उत्पादन प्रक्रिया, गुणवत्ता नियंत्रण एवं गुणवत्ता आश्वासन प्रयोगशाला, सुरक्षा मानकों, आधुनिक औद्योगिक तकनीकों तथा उत्पाद निर्माण की प्रक्रिया को करीब से समझा। साथ ही उद्योग क्षेत्र में फार्मेसी के विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध करियर अवसरों की जानकारी भी प्राप्त की। द्वितीय दिवस विशेषज्ञ सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें जम्मू-कश्मीर की ड्रग इंस्पेक्टर एवं ड्रग एनालिस्ट डॉ. तस्नीम आरा ने ऑनलाइन सहभागिता करते हुए “Ensuring Safe, Quality and Rational Use of Medicine” विषय पर विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने फार्मेसी के नियामक ढांचे, औषधियों की गुणवत्ता, गुणवत्ता नियंत्रण, ड्रग मॉनिटरिंग तथा सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण एवं तर्कसंगत औषधि उपयोग के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जो विद्यार्थी जीवन में ऊंचा मुकाम हासिल करते हैं, वे अपने माता-पिता और शिक्षकों के लिए गर्व एवं सम्मान का विषय होते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत, अनुशासन एवं निरंतर सीखने के लिए प्रेरित किया। इसी क्रम में श्री राम मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल, नीमच के कंसल्टेंट फिजिशियन डॉ. कमलेश पाटीदार (MBBS, MD) ने भी ऑनलाइन सहभागिता की। उन्होंने “Role of Pharmacist in the Healthcare Sector” विषय पर अपने विचार व्यक्त करते हुए स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में फार्मासिस्ट की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने सुरक्षित एवं तर्कसंगत औषधि उपयोग, मरीजों को उचित मार्गदर्शन तथा चिकित्सक और फार्मासिस्ट के बीच बेहतर समन्वय को प्रभावी स्वास्थ्य सेवा के लिए महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम के दौरान टीम आधारित पोस्टर प्रेजेंटेशन प्रतियोगिता विद्यार्थियों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने फार्मेसी एवं स्वास्थ्य सेवा से जुड़े विषयों पर अपनी रचनात्मकता और ज्ञान का प्रदर्शन किया। इसके साथ ही विद्यार्थियों के उत्साह और रचनात्मक अभिव्यक्ति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सेल्फी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने कार्यक्रम की यादों को रचनात्मक अंदाज में प्रस्तुत करते हुए उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता ने समारोह में एक जीवंत और आनंदपूर्ण वातावरण बनाया तथा विद्यार्थियों की सहभागिता को और अधिक बढ़ाया। कॉलेज के चेयरपर्सन श्री संजय मंगल एवं प्राचार्य डॉ. कल्पना पाटीदार ने सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि फार्मेसी शिक्षा में केवल सैद्धांतिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि औद्योगिक एवं व्यावहारिक अनुभव तथा प्रोफेशनल स्किल्स भी अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को उद्योग, अस्पताल एवं व्यापक स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र की वास्तविक कार्यप्रणाली से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। दो दिवसीय समारोह ने विद्यार्थियों को कक्षा से उद्योग और स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र तक सीखने का व्यापक अनुभव प्रदान किया। विशेषज्ञों का मार्गदर्शन, औद्योगिक भ्रमण, पोस्टर प्रेजेंटेशन और सेल्फी प्रतियोगिता जैसी गतिविधियों ने विश्व फार्मासिस्ट दिवस के आयोजन को विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायी एवं यादगार बना दिया।