नीमच। भाटखेड़ा-डूंगलावदा सड़क निर्माण के दौरान डूंगलावदा स्थित श्री देवनारायण सर्किल पर लगे भगवान देवनारायण के बोर्ड को कथित रूप से प्रोकलेन मशीन से उखाड़कर कचरे और गंदगी में फेंकने का मामला सामने आया है। धार्मिक आस्था से जुड़े बोर्ड के साथ इस तरह का व्यवहार किए जाने से गुर्जर समाज सहित ओबीसी महासभा में आक्रोश है। मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर ओबीसी महासभा ने पुलिस अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा है।
ओबीसी महासभा के उज्जैन संभाग अध्यक्ष देवा गुर्जर के नेतृत्व में समाजजनों ने नगर पुलिस अधीक्षक नीमच एवं थाना प्रभारी नीमच कैंट के नाम ज्ञापन सौंपकर सड़क निर्माण से जुड़े जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
सम्मानजनक तरीके से हटाया जा सकता था बोर्ड ज्ञापन में बताया गया कि भाटखेड़ा-डूंगलावदा सड़क निर्माण के दौरान ठेकेदार के कर्मचारियों ने डूंगलावदा स्थित श्री देवनारायण सर्किल पर लगे बोर्ड को प्रोकलेन मशीन से उखाड़कर कचरे और गंदगी में फेंक दिया। समाजजनों का कहना है कि सड़क निर्माण के लिए बोर्ड हटाना आवश्यक था तो समाज और आमजन को विश्वास में लेकर उसे सम्मानजनक तरीके से हटाया जा सकता था। धार्मिक आस्था से जुड़े बोर्ड को इस तरह फेंके जाने से समाजजनों की भावनाएं आहत हुई हैं। ज्ञापन में कहा गया कि घटना से समाज में आक्रोश व्याप्त है। ऐसे मामलों में जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कार्रवाई होना आवश्यक है।
तीन दिन का अल्टीमेटम, आंदोलन की चेतावनी- ओबीसी महासभा, अखिल भारतीय गुर्जर देव सेना संस्था एवं समाजजनों ने संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और बोर्ड हटाने में प्रयुक्त प्रोकलेन मशीन को जब्त करने की मांग की है। ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन को तीन दिवस में कार्रवाई करने की मांग करते हुए चेतावनी दी गई कि निर्धारित अवधि में कार्रवाई नहीं होने पर उग्र आंदोलन किया जा सकता है। इसकी संपूर्ण जवाबदारी शासन-प्रशासन की होगी।ज्ञापन पर देवा गुर्जर, शिवम गुर्जर, विकास, विशाल, मनोद, सुखदेव, विनोद, मंगल, उदल, गणेश, रीडमल सहित अन्य समाजजनों एवं आमजन के हस्ताक्षर बताए गए हैं।