मनासा। जोगणिया माता मंदिर परिसर में रविवार को मध्यप्रदेश मीणा समाज सेवा संगठन की बैठक आयोजित की गई। बैठक में समाज को संगठित करने, युवाओं को संगठन से जोड़ने और आगामी पंचायत चुनाव में समाज की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर चर्चा की गई। समाज के लोगों को सरपंच,जनपद सदस्य और जिला पंचायत सदस्य के चुनाव में आगे लाने तथा उन्हें विजयी बनाने के लिए गांव-गांव बैठकें आयोजित करने का निर्णय लिया गया। बैठक में समाज के लोगों को एकजुट होकर संगठन को मजबूत बनाने और राजनीतिक क्षेत्र में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया। इसके लिए संगठन का विस्तार किया जाएगा और युवाओं को अधिक से अधिक संख्या में जोड़ा जाएगा। गांव-गांव में बैठकें आयोजित कर समाजजनों को जागरूक किया जाएगा।
शिक्षा और सामाजिक विकास को मिलेगी प्राथमिकता-बैठक में समाज में शिक्षा को बढ़ावा देने, छात्रावास, लाइब्रेरी और कोचिंग सुविधाओं के विकास के साथ मीणा सामुदायिक भवनों के निर्माण पर चर्चा हुई। इसके अलावा समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने और समाज के लोगों को राजनीति में आगे बढ़ाने के लिए सहयोग करने पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि समाज की एकता और संगठन की मजबूती से ही शिक्षा, सामाजिक विकास और राजनीतिक क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर मिलेंगे। नीमच जिले में मीणा समाज सेवा संगठन का मुख्य उद्देश्य समाज को संगठित करना,शिक्षा को प्रोत्साहित करना और समाजजनों को आगे बढ़ने में सहयोग देना है।
ये रहे उपस्थित
बैठक में जिला अध्यक्ष बापूलाल रावत,पूर्व जिला अध्यक्ष राजाराम रावत,कोषाध्यक्ष मंगज मनासा, जिला महामंत्री मुकेश कचोरी, एल.एन. खेतपालिया, दशरथ चंडौली, प्रचार मंत्री भोपाल सिंह गोठड़ा, चंपालाल रावत, संगठन मंत्री निलेश शेषपुर, जिला महामंत्री भेरूलाल मोरखी, उपाध्यक्ष जगदीश रावत, जिला उपाध्यक्ष लालसिंह नरसिंहपुरा, राधेश्याम रावत मनासा,विक्रम मनासा,सुरेश सरपंच धामनिया छोटा, रूपचन्द्र सरपंच फीफलोन, गोपाल मनासा, जिला युवा मंत्री विक्रम भाड़िया और प्रचार मंत्री कारू मनासा सहित अन्य वरिष्ठ समाजजन उपस्थित रहे।