नीमच। जिले की ग्राम पंचायत चल्दू के सरपंच एवं नीमच सरपंच संघ के जिला अध्यक्ष महेंद्र सिंह शक्तावत पर पत्रकार विवेक चौहान को धमकाने और गाली-गलौज करने के गंभीर आरोप सामने आए हैं। आरोप है कि पंचायत से जुड़ी खबर प्रकाशित करने को लेकर सरपंच ने पत्रकार को जान से मारने की धमकी दी। मामले में पीड़ित पत्रकार ने जीरन थाने पहुंचकर लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, सागरग्राम निवासी पत्रकार विवेक चौहान का आरोप है कि ग्राम पंचायत चल्दू के सरपंच महेंद्र सिंह शक्तावत ने पंचायत से संबंधित समाचार प्रकाशित करने को लेकर उन्हें धमकाया। आरोप है कि सरपंच ने कहा कि यदि पंचायत की कोई भी खबर प्रकाशित की तो इससे बुरा कुछ नहीं होगा। साथ ही कथित तौर पर थाने में अपनी पहचान होने की बात कहते हुए रौब दिखाया गया।
सार्वजनिक स्थान पर गाली-गलौज का भी आरोप-पत्रकार विवेक चौहान ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि सार्वजनिक स्थान पर सरपंच ने युवराज और अन्य लोगों के साथ मिलकर उनके साथ गाली-गलौज की तथा डराने-धमकाने का प्रयास किया। पीड़ित के अनुसार, इस घटनाक्रम से उन्हें भय का सामना करना पड़ा। उन्होंने मामले को गंभीर बताते हुए पुलिस से उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
पत्रकारिता की स्वतंत्रता पर उठे सवाल
घटना को लेकर पंचायत से जुड़ी खबरों के प्रकाशन और पत्रकारों की सुरक्षा का मुद्दा भी चर्चा में है। यदि किसी समाचार को लेकर आपत्ति है तो उसका समाधान कानूनी और लोकतांत्रिक तरीके से किया जाना चाहिए। पत्रकार को खबर प्रकाशित करने से रोकने के लिए कथित धमकी दिए जाने का मामला सामने आने के बाद पुलिस की कार्रवाई पर नजर रहेगी।