नीमच। मनासा विधानसभा क्षेत्र के किशनपुरा गांव के समीप मंगलवार शाम हुए सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत के बाद बुधवार को परिजनों और समाजजनों ने शव सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारी मृतक के परिवार को 30 लाख रुपए की आर्थिक सहायता और हादसे के लिए जिम्मेदार व्यक्ति की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। चक्काजाम के कारण सड़क पर यातायात प्रभावित हुआ।जानकारी के अनुसार किशनपुरा के समीप कार और बाइक की आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत में नीमच निवासी मनोज उर्फ लाला यादव की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने के बाद परिजन शव लेकर कंट्रोल रूम के बाहर नीमच-मनासा रोड पर पहुंच गए और सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजनों का आरोप है कि हादसे के जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई और गिरफ्तारी की जाए। साथ ही मृतक के परिवार को 30 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी जाए। परिजनों ने स्पष्ट कहा कि मांगें पूरी होने तक शव सड़क से नहीं हटाया जाएगा। इसी बीच नीमच सिटी थाना क्षेत्र में थड़ोली-ऊंचेड़ के बीच भी सड़क हादसे में बाइक सवार मुकेश यादव पिता अमृतलाल, उम्र 45 वर्ष, की मौत होने की जानकारी सामने आई है। दोनों घटनाओं को लेकर क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है। चक्काजाम की सूचना पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे परिजनों और समाजजनों से चर्चा की तथा यातायात बहाल कराने और चक्काजाम समाप्त कराने का प्रयास किया। देर तक परिजन अपनी मांगों पर अड़े रहे।