नीमच/ मनासा। भारतीय हलधर किसान यूनियन की नीमच जिला इकाई द्वारा बुधवार को किसानों, मजदूरों एवं ग्रामीणों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर मनासा एसडीएम कार्यालय में 16 सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन राष्ट्रपति महोदय, केंद्रीय सचिव, राज्यपाल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा के नाम एसडीएम मनासा को दिया गया। ज्ञापन का वाचन जिला अध्यक्ष रमेश गुर्जर ने किया। यूनियन ने ज्ञापन में नीमच जिले में अल्प वर्षा के कारण उत्पन्न कृषि संकट का उल्लेख करते हुए जिले को अकाल प्रभावित घोषित करने तथा किसानों को राहत देने की मांग की। साथ ही सोयाबीन का समर्थन मूल्य ₹8,000 प्रति क्विंटल करने, खराब फसलों का सर्वे करवाकर मुआवजा एवं फसल बीमा राशि दिलाने तथा लंबित बीमा दावों का शीघ्र निराकरण करने की मांग रखी।
 
खाद-बीज वितरण व्यवस्था सरल करने की मांग
यूनियन ने सहकारी समितियों के माध्यम से खाद एवं बीज वितरण व्यवस्था को किसानों के लिए सरल बनाने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि किसानों को अनावश्यक टोकन व्यवस्था के कारण परेशानी न हो तथा उनकी आवश्यकता के अनुसार खाते के आधार पर खाद-बीज उपलब्ध कराया जाए।
 
अफीम पट्टे एवं डोडाचूरा मामलों को लेकर भी मांगें
ज्ञापन में अफीम के नए पट्टे जारी करते समय चिराई व्यवस्था से जुड़े किसानों के हितों को प्राथमिकता देने तथा अफीम का तोल मूल्य बढ़ाने की मांग रखी गई। डोडाचूरा की खरीदी व्यवस्था को लेकर भी स्पष्ट नीति घोषित करने की मांग की गई।
 
सरकारी जमीन एवं पुराने पट्टों की जांच की मांग

यूनियन ने ज्ञापन में सरकारी भूमि, पुराने पट्टों एवं भूमि आवंटन से जुड़े मामलों की जांच की मांग की। संगठन की ओर से कहा गया कि यदि कहीं फर्जी पट्टे अथवा नियम विरुद्ध भूमि आवंटन हुआ है तो उसकी जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए तथा पात्र छोटे किसान एवं मजदूर परिवारों के भूमि संबंधी अधिकारों की समीक्षा की जाए।

फोन-पे एवं गूगल-पे लेनदेन शुल्क का मुद्दा भी उठाया

16वीं मांग में डिजिटल भुगतान से जुड़े शुल्क का मुद्दा उठाते हुए यूनियन ने फोन-पे एवं गूगल-पे जैसे डिजिटल भुगतान माध्यमों पर कथित अतिरिक्त शुल्क/कर को हटाने की मांग की। संगठन ने डिजिटल भुगतान व्यवस्था एवं मुद्रा संबंधी अपनी विभिन्न मांगों को भी ज्ञापन में शामिल किया और केंद्र सरकार से इस संबंध में स्पष्ट नीति एवं राहत की मांग रखी।

जिला अध्यक्ष ने किया मांगों का वाचन
 
ज्ञापन का वाचन भारतीय हलधर किसान यूनियन के नीमच जिला अध्यक्ष रमेश गुर्जर ने किया। इस दौरान जिला सचिव गोपाल रेबारी, जिला ग्रामीण प्रवक्ता जगदीश भट्ट, अनिल भट्ट, तहसील संगठन मंत्री कारूलाल रावत, पप्पूपाल, शिवलाल रावत, गोपाल मीणा, नानालाल, उपाध्यक्ष राजाराम रावत , मुकेश, विशु पटीदार ने सभी का आभार व्यक्त किया व्यापारी संघ की और से लाला समदानी ने समर्थन किया और संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। यूनियन ने प्रशासन से 16 सूत्री मांगों को शासन स्तर तक भेजकर किसानों, मजदूरों एवं ग्रामीण परिवारों की समस्याओं पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।