नीमच। श्री एस.आर.कॉलेज, नेवड़ में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सरवानिया महाराज,नीमच के विद्यार्थियों के लिए करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को 12वीं के बाद उच्च शिक्षा, विभिन्न पाठ्यक्रमों एवं करियर के अवसरों के संबंध में सही एवं उपयोगी जानकारी प्रदान करना था। कार्यक्रम में विभिन्न शैक्षणिक एवं व्यावसायिक क्षेत्रों के विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। डॉ. चेतना त्रिपाठी ने फार्मेसी क्षेत्र में उपलब्ध पाठ्यक्रमों,उच्च शिक्षा एवं रोजगार के अवसरों की जानकारी दी। प्रो. दीपक नागदा ने मैनेजमेंट एवं कॉमर्स क्षेत्र में करियर विकल्पों तथा विभिन्न पाठ्यक्रमों के बारे में बताया। प्रो. गौरव माली ने साइंस स्ट्रीम से संबंधित उच्च शिक्षा एवं करियर की संभावनाओं पर प्रकाश डाला। वहीं कल्पना मैम ने ह्यूमैनिटीज, आर्ट्स एवं एजुकेशन के क्षेत्र में उपलब्ध विभिन्न अवसरों और पाठ्यक्रमों की जानकारी विद्यार्थियों के साथ साझा की। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया तथा उनकी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप करियर विकल्प चुनने के लिए आवश्यक सुझाव दिए। विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न क्षेत्रों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की। यह कार्यक्रम श्री एस.आर,ग्रुप ऑफ कॉलेजेस,नेवड़ के डायरेक्टर धर्मेश तिवारी के मार्गदर्शन एवं एडमिन मोहनलाल शर्मा के सहयोग से आयोजित किया गया।कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने इस उपयोगी पहल के लिए श्री एस.आर.कॉलेज परिवार का आभार व्यक्त किया।