नीमच। कांग्रेस नेता ओम शर्मा पर गुरुवार दोपहर कुछ लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। इस हिंसक वारदात में शर्मा बुरी तरह लहूलुहान हो गए हैं। उनके सिर में गंभीर चोटें आई हैं। जिला चिकित्सालय में प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने के चलते उन्हें हायर सेंटर रेफर करने की कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद से अस्पताल परिसर में भारी भीड़ जमा है। मिली जानकारी के अनुसार, ओम शर्मा दोपहर करीब 12 बजे किसी व्यक्तिगत कार्य से बरूखेड़ा मार्ग स्थित परशुराम कॉलोनी गए थे। आरोप है कि वहीं पर देवीलाल दवे और उसके अन्य साथियों ने एकजुट होकर उन पर अचानक हमला कर दिया। आरोपियों ने कांग्रेस नेता के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे उनके सिर पर गहरी चोटें आई हैं।
अस्पताल में लगा नेताओं और समर्थकों का जमावड़ा-कांग्रेस नेता पर हमले की खबर शहर में आग की तरह फैल गई। सूचना मिलते ही कांग्रेस जिलाध्यक्ष तरुण बाहेती सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समाजजन जिला अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल परिसर में कांग्रेस जिलाध्यक्ष तरुण बाहेती,हरीश दुआ, नेता प्रतिपक्ष योगेश प्रजापति, संजू पगारिया, मुकेश कालरा, मनोज सापड़िया, बाबू सलीम, मानव अधिकार मंच के जिलाध्यक्ष भूरा कुरैशी, हरगोविंद दीवान, इकबाल कुरैशी सहित परशुराम सेना के सैकड़ों सदस्य और समर्थक मौजूद हैं। हमले के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।