नीमच। बरूखेड़ा रोड स्थित परशुराम गृह निर्माण समिति कॉलोनी के मुख्य गेट को लेकर चल रहा विवाद गुरुवार सुबह मारपीट तक पहुंच गया। बिजली कार्यालय के समीप हुए घटनाक्रम में वरिष्ठ कांग्रेस नेता ओम शर्मा के साथ मारपीट किए जाने का आरोप है। चोट लगने के बाद उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने आगे के उपचार के लिए उदयपुर रेफर किया। समिति से जुड़े पंडित राधेश्याम उपाध्याय के अनुसार, आनंद चतुर्दशी के दिन कॉलोनी के मुख्य गेट के निर्माण के लिए भूमिपूजन कर काम शुरू किया गया था। आरोप है कि इसके बाद रात में निर्माण स्थल पर खोदा गया गड्ढा भर दिया गया और सुबह मुख्य गेट के आसपास पिलर खड़े मिले। इसी बात को लेकर समिति से जुड़े लोग मौके पर पहुंचे थे।
बातचीत के दौरान बढ़ा विवाद, मारपीट का आरोप-उपाध्याय के अनुसार, मौके पर देवीलाल दवे, राधेश्याम दवे सहित अन्य लोग मौजूद थे। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और ओम शर्मा के साथ मारपीट होने का आरोप है। समिति पक्ष का दावा है कि मौके पर करीब 10 से 15 लोग मौजूद थे। मारपीट के दौरान पत्थर लगने की बात भी सामने आई है। हालांकि घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति पुलिस जांच के बाद स्पष्ट होगी।
जमीन विवाद हाईकोर्ट में विचाराधीन होने का दावा-समिति से जुड़े लोगों के मुताबिक मुख्य गेट और संबंधित जमीन को लेकर पक्षों के बीच पहले से विवाद चला आ रहा है। उनका कहना है कि मामला हाईकोर्ट में विचाराधीन है। पूर्व में दोनों पक्षों के बीच समझौते को लेकर बातचीत और लिखापढ़ी भी होने की बात कही जा रही है।
पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया-घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी जुटाई। पुलिस ने मामले में देवीलाल दवे और अनिकेत दवे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। पुलिस घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका और विवाद की पूरी पृष्ठभूमि की जांच कर रही है। जांच के बाद ही मारपीट की वास्तविक वजह और घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।