Super Exclusive,

रिपोर्ट- प्रितेश सारड़ा, 


नीमच। मध्य प्रदेश में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार और तस्करों के नेटवर्क को पूरी तरह नेस्तनाबूद करने के लिए अब एक बेहद कड़ा और बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया जाने वाला है। अंदरखाने के उच्च स्तरीय सूत्रों से मिल रही पुख्ता जानकारी के मुताबिक, पड़ोसी राज्य राजस्थान की तर्ज पर मध्य प्रदेश में भी जल्द ही एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) के गठन की औपचारिक घोषणा होने जा रही है।
इस विशेष और हाई-प्रोफाइल फोर्स के दायरे में पूरे राज्य के संवेदनशील इलाकों को रखा जाएगा, लेकिन इसके निशाने पर सबसे प्रमुख रूप से नीमच और मंदसौर जिले रहेंगे। प्रशासनिक और खुफिया सूत्रों का साफ कहना है कि चूंकि मालवा-निमाड़ के इस अंचल में बड़े पैमाने पर अफीम और डोडाचूरा का उत्पादन होता है, इसलिए तस्करों के अवैध सिंडिकेट को तोड़ने के लिए इसी बेल्ट को इस नई टास्क फोर्स का मुख्य केंद्र बिंदु बनाया जाएगा। सूत्रों के अनुसार, इस स्वतंत्र और विशेष फोर्स के जरिए न सिर्फ स्थानीय स्तर पर बल्कि अंतर-राज्यीय नेटवर्क पर भी पैनी नजर रखी जाएगी। आधुनिक सर्विलांस, तकनीकी सर्विलांस और बड़े स्तर पर मिलने वाले खुफिया इनपुट्स के आधार पर ड्रग्स माफियाओं के खिलाफ आने वाले दिनों में एक बड़ा और निर्णायक मेगा एक्शन देखने को मिलेगा, जिसके लिए प्रशासनिक स्तर पर सभी तैयारियां लगभग अंतिम चरण में हैं।