नीमच। शहर में नगरपालिका की करीब 4.32 लाख वर्गफीट बेशकीमती जमीन पर संचालित जीवाजी राव छात्रावास को लेकर शनिवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। न्यायालय से स्टे हटने के बाद नगरपालिका और प्रशासन की संयुक्त टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और जमीन को अपने अधिपत्य में लेने की कार्रवाई शुरू की। जर्जर छात्रावास भवन को बुलडोजर से ढहाने का काम भी शुरू कर दिया गया। इस दौरान पुलिस बल: कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब 100 से 200 से पुलिसकर्मियों को मौके पर तैनात किया गया है। इस दौरान नीमच के कई थानों के थाना प्रभारियों के साथ आला अधिकारी, एसडीएम और पटवारी समेत तमाम प्रशासनिक अमला मौजूद है।
प्रशासन के अनुसार जमीन की बाजार कीमत 10 करोड़ रुपए से अधिक बताई जा रही है। 25 विद्यार्थियों को दूसरे हॉस्टल में कराया शिफ्ट ,कार्रवाई के दौरान छात्रावास में रह रहे करीब 25 विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए उन्हें भोलियावास स्थित नवीन हॉस्टल और पीजी कॉलेज हॉस्टल में शिफ्ट कराया गया। प्रशासन ने विद्यार्थियों के सामान को ले जाने के लिए बस, वाहन और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की व्यवस्था की। अधिकारियों के अनुसार विद्यार्थियों से इसके लिए कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया गया।
जर्जर भवन, खराब सुविधाएं और झाड़ियों से खतरा
प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक निरीक्षण के दौरान छात्रावास भवन जर्जर स्थिति में मिला। शौचालय और स्नानघर की व्यवस्थाएं भी संतोषजनक नहीं थीं। परिसर में बड़ी मात्रा में झाड़ियां होने से सांप और अन्य जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा बना हुआ था। विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए भवन को हटाने की कार्रवाई शुरू की गई।
सुबह 10 बजे से चला बुलडोजर
शनिवार सुबह करीब 10 बजे से जर्जर भवन को ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू हुई। समाचार लिखे जाने तक बुलडोजर से भवन हटाने का काम जारी था। अधिकारियों के अनुसार नगरपालिका के स्वामित्व वाली जमीन को लेकर न्यायालय में प्रकरण चल रहा था। अपील के बाद स्टे हटने पर नगरपालिका ने अपनी भूमि वापस लेने की प्रक्रिया शुरू की थी।
पेट्रोल पंप वाले हिस्से पर फिलहाल कार्रवाई नहीं-परिसर में स्थित पेट्रोल पंप वाले हिस्से को फिलहाल कार्रवाई से अलग रखा गया है। प्रशासन के अनुसार इस हिस्से को लेकर हाईकोर्ट से स्टे होने के कारण वहां कोई कार्रवाई नहीं की गई।
तरुण बाहेती बोले- जमीन हथियाने का प्रयास-कार्रवाई को लेकर कांग्रेस जिलाध्यक्ष तरुण बाहेती ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। बाहेती ने छात्रावास और जमीन के स्वामित्व को लेकर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि बेशकीमती जमीन को हथियाने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि, इन आरोपों पर प्रशासन या भाजपा की ओर से प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।