सिंगोली। सिंगोली अंचल के राजनैतिक और सामाजिक क्षितिज पर अपनी गहरी पैठ रखने वाले जनप्रिय धाकड़ परिवार में संगठन और सत्ता के शीर्ष नेतृत्व का आत्मीय समागम देखने को मिला। सिंगोली भाजपा महिला मंडल मोर्चा की मंडल उपाध्यक्ष और क्षेत्र की बेहद कद्दावर व प्रखर महिला नेत्री श्रीमती संतोष धाकड़ के दोनों घुटनों का सफल ऑपरेशन हाल ही में अहमदाबाद के सुप्रसिद्ध कृष्णा शेलबी हॉस्पिटल में संपन्न हुआ।  अस्पताल में बिताए एक सप्ताह के दौरान देश और प्रदेश के कई शीर्ष व राष्ट्रीय स्तर के राजनेताओं ने दूरभाष पर लगातार उनके स्वास्थ्य की सुध ली, जो श्रीमती धाकड़ के व्यापक राजनैतिक कद और प्रभाव को स्पष्ट रूप से बयां करता है।

विधायक दंपति ने निभाया पारिवारिक रिश्ता-श्रीमती संतोष धाकड़ के सिंगोली आगमन की सूचना मिलते ही क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक ओमप्रकाश सखलेचा अपनी धर्मपत्नी श्रीमती संगीता सखलेचा के साथ  सिंगोली नगर स्थित उनके निवास स्थान पर पहुंचे। विधायक ओमप्रकाश सखलेचा व उनकी पत्नी संगीता सखलेचा ने आवास पर पहुँचकर आत्मीयता के साथ उनके हाल-चाल और कुशलक्षेम को जाना। इस दौरान श्रीमती संगीता सखलेचा ने करीब 1 घंटे तक उनके समीप बैठकर ऑपरेशन के बाद की रिकवरी और डॉक्टरों की गाइडलाइंस पर गहन चर्चा की। विधायक दंपति ने उनके शीघ्र पूर्ण स्वस्थ होकर पुनः जनसेवा के मैदान में सक्रिय होने की मंगलकामना की।
अंचल की राजनीति और समाज सेवा के धुरी हैं 'मोतीलाल-संतोष' दंपति-क्षेत्र में इस राजनैतिक हलचल और उनके निवास पर उमड़ रहे जनसैलाब के पीछे धाकड़ दंपति का निस्वार्थ सेवाभाव है। नगर परिषद उपाध्यक्ष श्री मोतीलाल धाकड़ जहाँ अपनी बेदाग छवि, सहज उपलब्धता और हर वर्ग के सुख-दुख में सदैव तत्पर रहने के कारण सिंगोली की जनता के दिलों पर राज करते हैं, वहीं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती संतोष धाकड़ अपनी नेतृत्व क्षमता से आधी आबादी और संगठन में मजबूत स्तंभ मानी जाती हैं। इसी अद्वितीय प्रभाव और सामाजिक सरोकार के चलते वर्तमान में उनके सिंगोली वार्ड नम्बर 2  स्थित निवास पर कुशलक्षेम पूछने वाले प्रबुद्ध जनों, धाकड़ समाज के वरिष्ठों, प्रशासनिक अधिकारियों और कार्यकर्ताओं का अनवरत तांता लगा हुआ है।
 इस गरिमामय अवसर पर क्षेत्र के कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।