जावद/नयागांव। जावद के सीएम राइज स्कूल में कक्षा 11वीं में अध्ययनरत नयागांव निवासी छात्रा के शनिवार दोपहर करीब 1 बजे लापता होने की सूचना से क्षेत्र में चिंता का माहौल है। परिजनों का आरोप है कि छात्रा का जावद बस स्टैंड से अपहरण किया गया है। हालांकि मामले की वास्तविक स्थिति पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। परिजनों के अनुसार, घटना के बाद वे शनिवार को जावद थाने पहुंचे और पुलिस को मामले की जानकारी दी, लेकिन उनका आरोप है कि वहां उनकी शिकायत पर अपेक्षित सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद परिजनों ने छात्रा की तलाश और मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर आज नयागांव में धरना-प्रदर्शन की शुरू किया है। परिजनों का कहना है कि छात्रा के अचानक लापता होने से परिवार चिंतित है और वे पुलिस से छात्रा को जल्द सकुशल तलाशने तथा मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। मामले को लेकर पुलिस की कार्रवाई और जांच के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।