नीमच। सूक्ष्म एवं लघु कला के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट कलाशैली, रचनात्मकता और निरंतर कलात्मक नवाचार के लिए नीमच जिले के ग्राम कुंचड़ोद निवासी डॉ. राहुल कुमार लोहार को ‘अंतरराष्ट्रीय उत्कृष्ट श्री सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया।
जयपुर के राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (RIC) में 4 अक्टूबर को आयोजित समारोह में राहुल को (माइक्रो एंड मिनिएचर आर्ट) Micro & Miniature Art के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए उन्हें सम्मान-पत्र, मोमेंटो एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया। सम्मान से जुड़े दस्तावेज पर एक्सक्लूसिव वर्ल्ड रिकॉर्ड्स (Exclusive World Records) के साथ भारत सरकार के नीति आयोग (NITI Aayog) का उल्लेख एवं लोगो भी अंकित है। राहुल कुमार लोहार की कला की खास पहचान बेहद छोटे आकार में बारीक चित्रांकन और प्राकृतिक एवं पर्यावरण-अनुकूल सामग्रियों का रचनात्मक प्रयोग है। वे मिट्टी, गेरू, कजली, गोबर, हल्दी और कुमकुम जैसी प्राकृतिक सामग्रियों से अनूठी कलाकृतियां तैयार करते हैं। सूक्ष्म कला के साथ प्राकृतिक संसाधनों को जोड़कर लगातार नए प्रयोग करना उनकी कला को अन्य कलाओं से अलग बनाता है।समारोह में देश-विदेश से आए 50 से अधिक प्रतिभाशाली कलाकारों एवं विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं को उनके उल्लेखनीय कार्यों और उपलब्धियों के लिए विभिन्न सम्मानों से सम्मानित किया गया। ‘अंतरराष्ट्रीय उत्कर्ष श्री सम्मान’ से सम्मानित हुए अनेक प्रतिभाशाली व्यक्तित्वों की उपस्थिति और सम्मान समारोह की गरिमा ने आयोजन को विशेष बनाया। इसी क्रम में Micro & Miniature Art के क्षेत्र में राहुल कुमार लोहार को मिला सम्मान उनकी निरंतर रचनात्मकता और कलात्मक नवाचार को मिली एक और महत्वपूर्ण पहचान है। ग्राम कुंचड़ोद से निकलकर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच तक अपनी पहचान बनाने वाले राहुल कुमार लोहार ने सम्मान के लिए लता फाउंडेशन, एक्सक्लूसिव वर्ल्ड रिकॉर्ड्स, किंग बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स एवं आयोजन से जुड़े सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें सूक्ष्म कला में नए प्रयोग और रचनात्मक नवाचार को और आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करेगा। समारोह में डॉ. राम सिंह चौहान, विश्व के सबसे लंबे मूंछों वाले व्यक्ति एवं ब्रांड एंबेसडर, एक्सक्लूसिव वर्ल्ड रिकॉर्ड्स, डॉ. अनुराग सक्सेना, अध्यक्ष, जर्नलिस्ट काउंसिल ऑफ इंडिया, डॉ. सोनिया दत्त शर्मा, डॉ. दानिश जमाल, जर्नलिस्ट काउंसिल ऑफ इंडिया से जुड़े गणमान्य अतिथियों तथा लता खटवानी, संस्थापक, एक्सक्लूसिव वर्ल्ड रिकॉर्ड्स सहित अनेक विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।