निंबाहेड़ा। आगामी पंचायती राज चुनाव को लेकर कांग्रेस संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पूर्व सहकारिता मंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस अनुशासन समिति अध्यक्ष उदयलाल आंजना के निर्देशानुसार पंचायत समिति एवं जिला परिषद वार्डों में संभावित प्रत्याशियों के सर्वे एवं चुनाव संचालन के लिए एक विशेष समिति का गठन किया गया है। आंजना के निर्देशानुसार गठित यह समिति निंबाहेड़ा क्षेत्र में पंचायत समिति एवं जिला परिषद के विभिन्न वार्डों में संगठन की जमीनी स्थिति, कार्यकर्ताओं की सक्रियता तथा संभावित प्रत्याशियों को लेकर व्यापक स्तर पर फीडबैक जुटाएगी। समिति का प्रमुख दायित्व संबंधित वार्डों में पार्टी के वरिष्ठ एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं से संवाद स्थापित कर सर्वसम्मति एवं व्यापक विचार-विमर्श के आधार पर संभावित प्रत्याशियों का वार्डवार पैनल तैयार करना रहेगा। समिति के सदस्य संबंधित क्षेत्रों के मंडल अध्यक्षों, पूर्व प्रधानों, पूर्व नगरपालिका अध्यक्षों, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों, वरिष्ठ कांग्रेसजनों तथा युवा कार्यकर्ताओं से सक्रिय सहयोग लेकर संभावित प्रत्याशियों के संबंध में राय एवं सुझाव प्राप्त करेंगे। समिति द्वारा प्राप्त सुझावों एवं फीडबैक को संगठन के समक्ष रखा जाएगा, ताकि आगामी चुनाव में पार्टी की तैयारियों को मजबूत एवं व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाया जा सके।
पंचायती राज चुनाव के लिए गठित सर्वे एवं चुनाव संचालन समिति में—
1. संपतलाल धाकड़ — ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष,निंबाहेड़ा
2. भोपराज टांक — कार्यकारी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष
3. गोपाल आंजना — जिला कांग्रेस महासचिव
4. पुरुषोत्तम झंवर — पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष
5. रविप्रकाश सोनी — पार्षद एवं नगर कांग्रेस संगठन महासचिव
6. मनोज पारख — पूर्व पार्षद एवं जिला कांग्रेस महासचिव
7. जसवंत आंजना — अध्यक्ष, विधानसभा युवा कांग्रेस,को शामिल किया गया है। कांग्रेस संगठन की ओर से पंचायती राज चुनाव की तैयारियों को लेकर वार्ड स्तर तक संपर्क एवं संवाद को मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है। समिति के गठन के साथ ही संभावित प्रत्याशियों के सर्वे एवं संगठनात्मक तैयारियों की प्रक्रिया को गति मिलने की उम्मीद है।