लजावद। क्षेत्र में एक किसान की वर्षों से काबिज कृषि भूमि में खड़ी फसल को कथित रूप से ट्रैक्टर चलाकर नष्ट किए जाने का मामला सामने आया है। किसान ने फोन के माध्यम से मामले की जानकारी देते हुए आरोप लगाया कि दबंगों द्वारा उसकी मेहनत से तैयार फसल को नुकसान पहुंचाया गया, जिससे उसे आर्थिक क्षति हुई है।
किसान का कहना है कि शिकायत लेकर पुलिस चौकी पहुंचने पर उसे तत्काल कार्रवाई के बजाय कागजात और न्यायालय के आदेश से संबंधित जानकारी देने की बात कही गई। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि शिकायत मिलने के बाद पूरे मामले की मौके पर जांच और वास्तविक स्थिति का सत्यापन क्यों नहीं किया गया।
मामले को लेकर एडवोकेट प्रकाश रांका, पूर्व जिला उपाध्यक्ष कांग्रेस एवं जावद विधानसभा क्षेत्र-230 ने कहा कि यदि किसान की शिकायत और वायरल ऑडियो में लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं, तो पुलिस प्रशासन को मामले की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करनी चाहिए। साथ ही फसल को हुए नुकसान का पंचनामा बनाकर प्रशासनिक स्तर पर सर्वे कराया जाना चाहिए।
रांका ने कहा कि जावद विधानसभा क्षेत्र का कोई भी किसान या अन्य व्यक्ति अपनी समस्या लेकर फोन करता है तो उसकी आवाज को जिम्मेदार अधिकारियों तक पहुंचाना उनका कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि गरीब किसान को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और उसके अधिकारों की रक्षा के लिए सभी वैधानिक कदम उठाए जाएंगे।