नीमच। पुलिस कंट्रोल रूम सभाकक्ष में मंगलवार को जिला स्तरीय जनसुनवाई एवं शिकायत निवारण शिविर लगाया गया। एसपी राजेश व्यास के समक्ष करीब 76 फरियादियों ने अपनी समस्याएं रखीं। एसपी ने शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित थाना प्रभारियों को समयबद्ध और निष्पक्ष निराकरण के निर्देश दिए।
शिविर के साथ सीएम हेल्पलाइन शिकायत निवारण शिविर भी आयोजित हुआ। इसमें लेवल-1, लेवल-2 और लेवल-3 की 13 शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण कर उन्हें बंद कराया गया। जनसुनवाई में भूमि विवाद,पुलिस कार्रवाई,सामाजिक सुरक्षा सहित अन्य मामलों से जुड़ी शिकायतें सामने आईं। एसपी व्यास ने राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि आवेदनों का निराकरण लंबित न रखा जाए और शिकायतकर्ता को समय पर राहत मिले। उन्होंने थाना क्षेत्रों में भी नियमित जनशिकायत निवारण शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। शिविर में जावद एसडीओपी हर्ष राठौर,मनासा एसडीओपी शाबेरा अंसारी,प्रशिक्षु डीएसपी दिव्या चन्द्रवंशी सहित थाना प्रभारी और संबंधित शाखा प्रभारी मौजूद रहे।