नीमच, 6 अक्टूबर। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 88 आवेदकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक आवेदन का नियमानुसार परीक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में फसल बीमा, उपचार के लिए आर्थिक सहायता, प्रधानमंत्री आवास योजना, भूमि एवं अतिक्रमण, पट्टा, राजस्व अभिलेख, नामांतरण, बंटवारा, पशुपालन ऋण, रोजगार सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए।
जनसुनवाई के दौरान आवेदक सम्पबाई के पुत्र दीपक के हाथ के उपचार के लिए आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। वहीं रविन्द्र के आवेदन पर संबंधित तहसीलदार को रास्ता खुलवाने की कार्रवाई करने तथा सूरज सुराहा को रेडक्रॉस के माध्यम से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा सीएम हेल्पलाइन, पट्टा प्रदान करने, आर्थिक सहायता, भूमि विवाद, राजस्व संबंधी समस्याओं, शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने, रास्ता खुलवाने, कर्मचारी के वेतन भुगतान, ऑनलाइन राजस्व अभिलेख दर्ज करने, समग्र आईडी में नाम जोड़ने, राशन पोर्टल पर नाम दर्ज करने और विद्युत बिल से जुड़ी समस्याएं भी अधिकारियों के समक्ष रखी गईं।
कलेक्टर चंद्रा ने अधिकारियों से कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक आवेदन को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ लिया जाए। समस्याओं का यथासंभव शीघ्र निराकरण हो, ताकि नागरिकों को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें समय पर राहत मिल सके।
जनसुनवाई में जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, एसडीएम पराग जैन, डिप्टी कलेक्टर चंद्रसिंह धार्वे, श्रुति भायडिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।