नीमच बिसलवास कलां में पोल पर विद्युत कार्य के दौरान करंट की चपेट में आने से मजदूर प्रताप सिंह शक्तावत निवासी अमावली महल की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने गोमाबाई रोड स्थित बिजली केंद्र के बाहर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। परिजनों का आरोप है कि बिजली विभाग द्वारा लाइन बंद करने का परमिट शाम 4 बजे तक था, लेकिन कथित तौर पर दोपहर 2:30 बजे ही विद्युत आपूर्ति चालू कर दी गई। इसी दौरान पोल पर काम कर रहे प्रताप सिंह करंट की चपेट में आ गए।घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों से चर्चा कर चक्काजाम समाप्त कराने का प्रयास किया। परिजनों ने मृतक के परिवार को 50 लाख रुपये मुआवजा देने और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग रखी है। मौके पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे और चक्काजाम जारी था। घटना के कारण गोमाबाई रोड पर यातायात प्रभावित है।