नीमच। शहर के मालखेड़ा-सिंगोली रोड स्थित श्री नाकोड़ा इंटीरियो फर्नीचर फैक्ट्री में बुधवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि मौके से उठता काले धुएं का गुबार दूर-दूर तक आसमान में दिखाई दिया। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। घटना पीजी कॉलेज के आगे मारू वेयरहाउस (मारू मिल) के पास स्थित फर्नीचर फैक्ट्री परिसर की बताई जा रही है। सामने आई तस्वीरों में फैक्ट्री की विशाल शेड के पिछले और बाहरी हिस्से में आग की ऊंची लपटें उठती दिखाई दे रही हैं। आग के साथ निकल रहा घना काला धुआं काफी दूर से नजर आ रहा था।
ज्वलनशील सामग्री से बढ़ी आग की तीव्रता
फैक्ट्री परिसर में लकड़ी, प्लाईवुड, फोम, केमिकल और फर्नीचर निर्माण में इस्तेमाल होने वाली अन्य ज्वलनशील सामग्री मौजूद होने के कारण आग तेजी से फैलने की आशंका जताई गई। मौके पर मौजूद लोग आग पर काबू पाने के लिए उपलब्ध संसाधनों से प्रयास करते नजर आए।
दमकल और पुलिस प्रशासन को दी सूचना
आग लगने की सूचना मिलते ही नगर पालिका के दमकल विभाग और पुलिस प्रशासन को जानकारी दी गई। दमकल टीम मौके पर पहुंचकर आग बुझाने के प्रयास में जुटी। आग की भयावहता को देखते हुए आसपास के लोगों में भी चिंता का माहौल रहा।
आग कैसे लगी,फिलहाल स्पष्ट नहीं
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट सहित अन्य संभावित कारणों की आशंका जताई जा रही है। आग पर पूरी तरह काबू पाने और घटनास्थल की जांच के बाद ही कारण स्पष्ट हो सकेंगे।
हादसे में फिलहाल किसी जनहानि की सूचना नहीं है। हालांकि फैक्ट्री में आग से बड़े आर्थिक नुकसान की आशंका जताई जा रही है। दमकल की कार्रवाई पूरी होने के बाद ही नुकसान का वास्तविक आकलन सामने आएगा।