नीमच। श्री एस आर ग्रुप ऑफ कॉलेजेज, नीमच में बुधवार को “अभिनंदन 2026” के अंतर्गत फ्रेशर्स एवं फेयरवेल पार्टी का भव्य आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने बॉलीवुड थीम पर आधारित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया ।  कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यार्थियों के बीच अपार उत्साह के साथ हुआ। इस दौरान ग्रुप डांस, सोलो डांस, सिंगिंग एवं रैंप वॉक सहित अनेक आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं। सीनियर विद्यार्थियों द्वारा जूनियर्स के स्वागत के लिए विभिन्न फ्रेशर्स गेम्स एवं फेयरवेल गेम्स का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और कार्यक्रम को यादगार बनाया। कार्यक्रम में कॉलेज की चेयरमैन श्रीमती संजुदेवी तिवारी, डायरेक्टर श्री धर्मेश जी तिवारी, एडमिन श्री मोहनलाल जी शर्मा एवं फार्मेसी प्राचार्य डॉ. चेतना त्रिपाठी की गरिमामयी उपस्थिति रही। कॉलेज एडमिन श्री मोहनलाल जी शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं तथा विद्यार्थियों को इसी प्रकार सकारात्मक ऊर्जा एवं उत्साह के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए प्रो. गौरव माली द्वारा आभार व्यक्त किया गया। आयोजन समिति में प्रो. राहुल सैनी, प्रो. गौरव चौहान, प्रवीण सर, ऐश्वर्या सर एवं उनकी पूरी टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना योगदान दिया। कार्यक्रम के दौरान Mr. Fresher 2026 का खिताब प्रथम वर्ष के नवागंतुक छात्र सतीश मालवीय ने हासिल किया, जबकि Miss Fresher 2026 का खिताब रंजना को प्रदान किया गया। विजेताओं का उत्साहपूर्वक स्वागत एवं सम्मान किया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। रंगारंग प्रस्तुतियों, मनोरंजक खेलों और रैंप वॉक ने “अभिनंदन 2026” को विद्यार्थियों के लिए एक यादगार एवं आनंदमय अवसर बना दिया। वरिष्ठ विद्यार्थियों ने अपने विदाई समारोह के माध्यम से अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों को भावनात्मक शुभकामनाएं दीं और नवागंतुक विद्यार्थियों का गर्मजोशी से स्वागत किया।श्री एस आर ग्रुप ऑफ कॉलेजेज, नीमच में आयोजित यह कार्यक्रम आपसी सौहार्द, प्रतिभा और विद्यार्थी जीवन की यादों को संजोने वाला एक सफल आयोजन रहा।