नीमच। निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों के विरोध में कांग्रेस ने गुरुवार को नीमच में ‘काला दिवस’ मनाकर प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता काले झंडे और पार्टी के झंडे लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। इस दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उन्हें पद से हटाने की मांग की गई। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने “ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो” और “लोकतंत्र की हत्या बंद करो” जैसे नारे लगाए। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। नेताओं ने निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
दिल्ली की कार्रवाई का मुद्दा भी उठाया
कांग्रेस नेताओं ने दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित अन्य नेताओं के साथ हुई कथित कार्रवाई और दुर्व्यवहार का मुद्दा भी उठाया। कांग्रेस नेताओं ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़ा विषय बताते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन लेने को लेकर नोकझोंक
कलेक्ट्रेट पहुंचने के बाद राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपने को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच कुछ देर के लिए नोकझोंक की स्थिति बन गई। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि ज्ञापन लेने में भी उन्हें परेशान किया जा रहा है। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने विभिन्न राजनीतिक नारे भी लगाए, जिससे कलेक्ट्रेट परिसर में कुछ देर माहौल गरमाया रहा।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि दिल्ली में कांग्रेस नेताओं के साथ हुई कथित कार्रवाई के विरोध में प्रदेश सहित देशभर में ‘काला दिवस’ मनाया जा रहा है। उन्होंने निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता, मतदाता सूची की पारदर्शिता और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग दोहराई। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। एडीएम बीएस क्लेश ने कांग्रेस नेताओं से ज्ञापन प्राप्त किया। ज्ञापन में निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता बनाए रखने, मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने तथा लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई।