नीमच। जिले में अघोषित बिजली कटौती और अनियमित विद्युत आपूर्ति से किसानों को हो रही परेशानी का मुद्दा अब जनप्रतिनिधियों तक पहुंच गया है। जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जन सिंह ‘शिवाजी’ ने किसान हित में पहल करते हुए मुख्यमंत्री एवं ऊर्जा मंत्री को पत्र लिखकर विद्युत व्यवस्था में सुधार और किसानों को राहत दिलाने की मांग की है। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की अनियमित आपूर्ति और बार-बार कटौती के कारण किसानों को सिंचाई कार्य में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, लो वोल्टेज की समस्या भी किसानों और घरेलू उपभोक्ताओं के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। खेती के महत्वपूर्ण समय में पर्याप्त बिजली नहीं मिलने से किसानों की मुश्किलें बढ़ जाती हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जन सिंह ‘शिवाजी’ ने इस समस्या के समाधान के लिए शासन स्तर पर हस्तक्षेप की मांग की है। मुख्यमंत्री एवं ऊर्जा मंत्री को पत्र लिखकर उन्होंने किसानों को निर्धारित समय पर पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने तथा अघोषित कटौती पर प्रभावी नियंत्रण करने की आवश्यकता जताई है।
किसानों को राहत मिलने की उम्मीद
जिला पंचायत अध्यक्ष की इस पहल से किसानों को विद्युत समस्या से राहत मिलने की उम्मीद जगी है। अब देखना होगा कि संबंधित विभाग इस मांग पर कितनी जल्दी कार्रवाई करता है और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति व्यवस्था में कितना सुधार होता है।