इंदौर/नीमच। इंदौर क्राइम ब्रांच ने अवैध ऑनलाइन क्रिकेट और कैसीनो सट्टेबाजी के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में नीमच निवासी आकाश जिंदल (27) भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 7 करोड़ रुपये के लेन-देन का हिसाब दर्ज रजिस्टर, एक लैपटॉप, 9 मोबाइल फोन, 6 एटीएम कार्ड, 2 बैंक चेकबुक और 7 हजार रुपये नकद जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार, क्राइम ब्रांच की टीम ने इंदौर के महालक्ष्मी नगर स्थित नारायण पैलेस में दबिश देकर कथित ऑनलाइन सट्टेबाजी गतिविधियों का खुलासा किया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आरोपी powerdreams.co ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से क्रिकेट मैचों और कैसीनो गेम्स पर सट्टा संचालित कर रहे थे।

नीमच के आकाश जिंदल का नाम भी शामिल- गिरफ्तार आरोपियों में आकाश जिंदल निवासी नीमच, यश शुक्ला (23) निवासी ललितपुर, उत्तर प्रदेश और गौरव यादव (23) निवासी आजमगढ़, उत्तर प्रदेश शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, आकाश जिंदल और यश शुक्ला मंडी में आढ़त का काम करते हैं,जबकि गौरव यादव मोटर वाइंडिंग का कार्य करता है।

7 करोड़ के हिसाब-किताब वाले रजिस्टर जब्त-0पुलिस ने कार्रवाई के दौरान एक लैपटॉप, 9 मोबाइल फोन, 6 एटीएम कार्ड, 2 बैंक चेकबुक, 7 हजार रुपये नकद और सट्टेबाजी से संबंधित रजिस्टर जब्त किए हैं। जब्त सामग्री का अनुमानित मूल्य करीब 2 लाख 97 हजार रुपये बताया गया है। रजिस्टरों में लगभग 7 करोड़ रुपये के लेन-देन का विवरण दर्ज होने की बात सामने आई है।

इंदौर से नीमच तक नेटवर्क की जांच-क्राइम ब्रांच अब कथित सट्टेबाजी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और वित्तीय लेन-देन की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस गतिविधि में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा रकम का लेन-देन किन माध्यमों से किया जा रहा था। पूछताछ और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस की अपील-इंदौर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी से दूर रहें और ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।