नीमच। शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व पर जिले के प्रमुख देवी धामों में रविवार को आस्था,भक्ति और धार्मिक उल्लास के साथ नवरात्रि महोत्सव का शुभारंभ हुआ। मोड़ी स्थित श्री महामाया मोड़ी माता मंदिर में पूर्व मंत्री एवं विधायक ओमप्रकाश सखलेचा की उपस्थिति में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच घटस्थापना कर अखंड ज्योति प्रज्वलित की गई। वहीं, मालवा की वैष्णो देवी के नाम से प्रसिद्ध मां भादवामाता धाम में कलेक्टर हिमांशु चंद्रा,विधायक दिलीप सिंह परिहार और पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर घटस्थापना की। भादवामाता मंदिर में ध्वजारोहण के साथ दस दिवसीय नवरात्रि मेले का शुभारंभ हुआ। दोनों ही धार्मिक स्थलों पर पहले दिन से श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई और माता के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठे।

मोड़ी माता धाम में नौ दिवसीय महोत्सव शुरू- मोड़ी। श्री महामाया मोड़ी माता मंदिर में नवरात्रि के पहले दिन सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। अभिजीत शुभ मुहूर्त में विधायक ओमप्रकाश सखलेचा की विशेष उपस्थिति में घटस्थापना की गई और अखंड ज्योति प्रज्वलित कर नौ दिवसीय शक्ति आराधना का शुभारंभ किया गया। मंदिर परिसर को फूलों,आकर्षक विद्युत सज्जा और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है। आसपास के गांवों सहित दूरदराज के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में भक्त माता के दर्शन के लिए पहुंचे। मोड़ी माता मंदिर को क्षेत्र में आरोग्य स्थल के रूप में भी विशेष पहचान प्राप्त है। मंदिर परिसर में स्थित बावड़ी के जल और भभूति को लेकर श्रद्धालुओं में गहरी आस्था है। नवरात्रि के अवसर पर मंदिर समिति ने नौ दिवसीय मेले की व्यवस्था की है। मेले में झूले, मीना बाजार और खान-पान की दुकानें आकर्षण का केंद्र रहेंगी। सेमली चंद्रावत से मंदिर तक विद्युत रोशनी की व्यवस्था की गई है । श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सुरक्षा, पार्किंग और पेयजल सहित आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। विधायक ओमप्रकाश सखलेचा ने मंदिर की धार्मिक महत्ता का उल्लेख करते हुए इसके विकास और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बढ़ाने के लिए समर्पित भाव से कार्य करने की बात कही। मंदिर समिति के अनुसार,नवरात्रि के दौरान सुबह सात बजे और शाम सात बजे विशेष आरती होगी।

भादवामाता धाम में ध्वजारोहण के साथ मेले का शुभारंभ- नीमच। जिले के प्रमुख धार्मिक स्थल मां भादवामाता मंदिर में शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिन भक्तिमय वातावरण रहा। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा, क्षेत्रीय विधायक दिलीप सिंह परिहार और पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच घटस्थापना कर माता रानी की पूजा-अर्चना की। इस दौरान अतिथियों ने जिलेवासियों और प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं सर्वकल्याण की कामना की। पूजा-अर्चना के बाद मंदिर के शिखर पर परंपरागत ध्वजारोहण किया गया। इसके साथ ही दस दिवसीय नवरात्रि मेले का विधिवत शुभारंभ हुआ। महाआरती में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

कलेक्टर ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा- धार्मिक कार्यक्रम के बाद कलेक्टर हिमांशु चंद्रा और पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने मंदिर परिसर, निर्माण कार्यों तथा मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं के आवागमन के मार्ग, कतार व्यवस्था, होल्डिंग एरिया, पार्किंग और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। कलेक्टर ने श्रद्धालुओं को सुगम और शीघ्र दर्शन उपलब्ध कराने के लिए प्रवेश एवं निकास के अलग-अलग मार्ग व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने मेले में पर्याप्त पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, नियमित साफ-सफाई, पार्किंग और रियायती दर पर भोजन उपलब्ध कराने पर जोर दिया। दिव्यांगों, बुजुर्गों और छोटे बच्चों के साथ आने वाली महिलाओं के लिए प्राथमिकता से दर्शन तथा विशेष सहायता केंद्र की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए।

सीसीटीवी से निगरानी, पर्याप्त पुलिस बल रहेगा तैनात-पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने कानून व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण को लेकर पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। नवरात्रि मेले के दौरान मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल एवं महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। मंदिर मार्गों और पार्किंग स्थलों पर यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस सक्रिय रहेगी। वहीं, असामाजिक गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पुलिस कंट्रोल रूम से सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जाएगी।

देशभर से पहुंचते हैं श्रद्धालु- नीमच जिला मुख्यालय से लगभग 18 किलोमीटर दूर स्थित भादवामाता धाम क्षेत्र का प्रमुख आस्था केंद्र है। इसे मालवा की वैष्णो देवी के नाम से जाना जाता है। मंदिर परिसर की पवित्र बावड़ी और अखंड ज्योति को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष मान्यता है। नवरात्रि के दौरान मध्यप्रदेश सहित राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं।

ये रहे उपस्थित- मोड़ी माता मंदिर में मंदिर संस्थान अध्यक्ष मुकेश पाटीदार उपरेड़ा, कोषाध्यक्ष युवराज सिंह सिसोदिया, सचिव वीरम सिंह सिसोदिया,मोरवन मंडल अध्यक्ष अर्जुन माली,राधेश्याम प्रजापत,सुंदरलाल व्यास सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन और श्रद्धालु उपस्थित रहे। भादवामाता धाम में एसडीएम पराग जैन,सीएसपी किरण चौहान, तहसीलदार, मंदिर प्रबंध समिति के सदस्य, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। नवरात्रि के शुभारंभ के साथ ही दोनों देवी धामों में आगामी दिनों तक धार्मिक अनुष्ठानों, विशेष आरती और मेले की रौनक बनी रहने की उम्मीद है। प्रशासन और मंदिर समितियों ने श्रद्धालुओं को सुविधाजनक दर्शन उपलब्ध कराने के लिए व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया है।