नीमच। शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व पर नीमच अंचल के सबसे बड़े और प्रतिष्ठित गरबा महोत्सव अरुल अशोक गंगानगर प्रेजेंट्स डायमंड रोटरी डांडिया में भक्ति और उमंग का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। नवरात्रि महापर्व के दूसरे दिन गांधी वाटिका स्थित भव्य गरबा परिसर में मां जगदंबे की आराधना का उत्साह चरम पर पहुंच गया। इस अवसर पर लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पत्रकार बंधुओं को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था। आयोजन स्थल पर पहुंचे मीडिया जगत के प्रतिनिधियों ने सबसे पहले विधि-विधान से मां भगवती की महाआरती की। इसके बाद रोटरी डायमंड क्लब के पदाधिकारियों और संयोजकों द्वारा सभी पत्रकार साथियों का आत्मीय स्वागत व अभिनंदन किया गया। पत्रकारों ने आयोजन की भव्यता,अनुशासित व्यवस्था,सुरक्षा प्रबंधों और सनातनी संस्कृति के संरक्षण की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए इसे अंचल का गौरव बताया।- महोत्सव के दूसरे दिन 25 से अधिक गरबा ग्रुपों के करीब 300 प्रतिभागियों ने रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सज-धजकर डांडिया रास की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। डांडिया संयोजक हेमंत भंडारी, कमल मंगल,दीपक मूंदड़ा,आशीष गर्ग बामन बर्डी व करणवीर सिंह ने संयुक्त रूप से बताया कि दूधिया रोशनी में नहाए करीब 10 हजार वर्गफीट के विशाल प्रांगण में जैसे ही स्पेशल साउंड सिस्टम पर नए भक्ति गीतों की स्वर लहरियां गूंजीं, वैसे ही डांडिया खनकने लगे और माहौल पूरी तरह गुजरात के पारंपरिक गरबा जैसा जीवंत हो उठा। प्रतिभागियों ने नए भक्ति गीतों के साथ ही पारंपरिक और आधुनिक धुनों के फ्यूजन पर नॉन-स्टॉप नृत्य कर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।
पंडाल में मां दुर्गा का भव्य व दिव्य दरबार सजाया गया है, जहां पर्यावरण संरक्षण का संदेश देती ईको-फ्रेंडली प्रतिमा स्थापित की गई है। दर्शकों के बैठने के लिए पर्याप्त दर्शक दीर्घा, वाहनों के लिए सुव्यवस्थित पार्किंग, महिलाओं व बालिकाओं के लिए चाक-चौबंद सुरक्षा, महिला सुरक्षाकर्मी, शुद्ध पेयजल व्यवस्था और बच्चों के मनोरंजन हेतु झूले-चकरी की माकूल व्यवस्था की गई है। नीमच के अलावा मंदसौर, रतलाम और समीपस्थ राजस्थान के चित्तौड़गढ़ व प्रतापगढ़ जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु गरबा देखने पहुंचे, जिससे दर्शक दीर्घा पूरी तरह खचाखच भरी रही।
रोटरी डायमंड क्लब अध्यक्ष रोटेरियन गुणवंत जैन, सचिव धीरज गांधी और कोषाध्यक्ष अनुज माहेश्वरी ने बताया कि इस भव्य आयोजन को सफल बनाने के लिए संस्था के वॉलिंटियर्स लगातार व्यवस्थाएं संभाल रहे हैं। जिनमें कमल आंजना,दीपक ऐरन,सुमित मित्तल,दिलीप जोशी,कृष्णा शर्मा, गोपाल शर्मा,अभय नाहर,गोविंद सैनी, हिमांशु अहीर,लोकेंद्र अग्रवाल,पंकज मुंदड़ा,प्रमोद शर्मा, संदीप दरक,संजय सोनी,सिद्धार्थ जैन, सोहित पोरवाल,सुनील सोनी,प्रभजोत सिंह सहित सभी सदस्यों और पदाधिकारियों की सराहनीय भूमिका रही।