नीमच। शारदीय नवरात्रि की पंचमी तिथि पर गांधी वाटिका में आयोजित डायमंड रोटरी डांडिया महोत्सव में उत्साह और उमंग का अनूठा संगम देखने को मिला। रंग-बिरंगी वेशभूषा, पारंपरिक आभूषणों, आकर्षक छतरियों और कलात्मक मुखौटों से सजी गरबा मंडलियों ने मनमोहक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का दिल जीत लिया। मां दुर्गा की आराधना के साथ शुरू हुए गरबा नृत्य ने पूरे परिसर को भक्तिमय माहौल में रंग दिया।पारंपरिक चनिया-चोली, राजस्थानी आंगी और कौड़ी-शीशों की कलात्मक सजावट में सजे प्रतिभागियों ने अपनी नृत्य कला और आकर्षक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। विभिन्न गरबा मंडलियों ने सजावटी छतरियों, पारंपरिक दीयों और विशेष थीम पर आधारित नृत्य प्रस्तुत कर आयोजन को खास बना दिया। प्रस्तुतियों के दौरान दर्शकों ने तालियां बजाकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

पारंपरिक गरबा के बाद भक्ति गीतों पर थिरके युवा-आयोजन में पारंपरिक गरबों के बाद तेज धुनों वाले बॉलीवुड भक्ति रीमिक्स और नए धार्मिक गीतों ने युवाओं में नया जोश भर दिया। संगीत की थाप पर कदमताल करते प्रतिभागियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। वरिष्ठ नागरिकों और परिजनों ने भी तालियों के साथ कलाकारों का उत्साह बढ़ाया। वहीं, बच्चों के लिए लगाए गए झूले-चकरी और खान-पान के स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे। इससे गांधी वाटिका परिसर में उत्सव और मेले जैसा माहौल बना रहा।

व्यवस्थित आयोजन में रोटरी डायमंड की टीम की सराहनीय भूमिका-आयोजन संयोजक हेमंत भंडारी, कमल मंगल, दीपक मूंदड़ा, आशीष गर्ग बामन बर्डी और करणवीर सिंह ने बताया कि गरबा मंडलियों के बीच सांस्कृतिक प्रतिस्पर्धा के साथ नए प्रयोग भी देखने को मिल रहे हैं। प्रत्येक दल की प्रस्तुति को समयबद्ध रखने और आयोजन स्थल पर अनुशासन बनाए रखने के लिए कार्यकर्ता लगातार व्यवस्थाएं संभाल रहे हैं।रोटरी डायमंड क्लब अध्यक्ष रोटेरियन गुणवंत जैन, सचिव धीरज गांधी और कोषाध्यक्ष अनुज माहेश्वरी ने आयोजन की सफलता में वॉलिंटियर्स के योगदान की सराहना की। व्यवस्थाओं में कमल आंजना, दीपक ऐरन, गौरव पाराशर, सुमित मित्तल, दिलीप जोशी, कृष्णा शर्मा, गोपाल शर्मा, अभय नाहर, गोविंद सैनी, हिमांशु अहीर, लोकेंद्र अग्रवाल, पंकज मुंदड़ा, प्रमोद शर्मा, संदीप दरक, संजय सोनी, सिद्धार्थ जैन, सोहित पोरवाल और सुनील सोनी सहित संस्था के सदस्यों एवं पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।