सिंगोली:-नगर परिषद सिंगोली द्वारा निर्मित नए बस स्टैंड परिसर में स्थित 50 दुकानों के दुकानदारों ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर छत पर जाने के लिए सीढ़ियों की व्यवस्था करने की मांग की है।दुकानदारों ने आवेदन में बताया कि नए बस स्टैंड की 50 दुकानों की छत पर पहुँचने के लिए वर्तमान में कोई भी स्थायी रास्ता या सीढ़ियों की व्यवस्था नहीं है। छत पर जाने की सुविधा न होने से सभी दुकानदारों को अपनी-अपनी छत की नियमित साफ-सफाई और पानी की टंकियों की सफाई व रखरखाव में भारी दिक्कतों और जोखिम का सामना करना पड़ रहा है। समय पर साफ-सफाई न होने के कारण छतों पर कचरा जमा हो रहा है तथा बारिश के मौसम में जलभराव और गंदगी फैलने की आशंका बनी रहती है। इससे सार्वजनिक स्वच्छता भी प्रभावित हो रही है। दुकानदारों ने मांग की है कि दुकानदारों की सुविधा और सार्वजनिक स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए दुकानों की छत पर जाने के लिए उचित एवं सुरक्षित सीढ़ियों का निर्माण करवाया जाए, ताकि सभी दुकानदार अपनी दुकान की छत व पानी की टंकियों की सुगमतापूर्वक सफाई कर सकें। आवेदन पर नये बस स्टेण्ड स्थित समस्या से पीड़ित सभी 50 दुकानदारों ने हस्ताक्षर कर नगर परिषद को आवेदन दिया है अब देखना है समस्या से पीड़ित दुकानदारों की इस समस्या का समाधान कब तलक हो पाता है