नीमच। जेल की सलाखों के पीछे से नशे का काला कारोबार चलाने के नए और हैरान करने वाले तरीके का खुलासा हुआ है। मध्य प्रदेश की नीमच जिला जेल (कनावटी) में एनडीपीएस एक्ट के एक शातिर कैदी ने पुलिस और जेल प्रशासन को चकमा देने के लिए जो पैंतरा अपनाया, उसने सबको सकते में डाल दिया है। कैदी ने नशीली गोलियां अपने सिर पर पहने जाने वाले टोपे (कैप) के अंदर सिलाई करके छिपा रखी थीं, लेकिन जेल प्रहरी की मुस्तैदी ने उसके इस शातिर खेल का पर्दाफाश कर दिया। राजसमंद से लाया गया था नीमच जेल:-
सूत्रों के मुताबिक, एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के मामले में बंद कैदी श्रवण पिता रतनलाल जाट को कुछ दिन पहले ही राजसमंद जेल से नीमच की कनावटी जिला जेल में ट्रांसफर किया गया था। पुलिस सुरक्षा के बीच उसे राजसमंद से नीमच लाया गया था।
तलाशी के दौरान खुला राज, उड़े होश:-
नियमों के तहत जब कनावटी जिला जेल में दाखिल करने से पहले कैदी श्रवण जाट की बारीकी से तलाशी ली गई, तो उसकी कैप (टोपे) की बनावट पर जेलकर्मियों को शक हुआ। जब टोपे की सिलाई खोलकर अंदर देखा गया, तो उसमें छिपाकर रखी गई नशीली गोलियों का जखीरा बरामद हुआ। इस खुलासे के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करते हुए श्रवण और उसके संदिग्ध साथियों को तुरंत अलग-अलग हाई-सिक्योरिटी बैरकों में शिफ्ट कर दिया गया है।
झूठी अफवाह फैलाकर माहौल बिगाड़ने की साजिश:-
जैसे ही जेल प्रशासन ने इस शातिर कैदी को शिकंजे में लिया और उसकी निगरानी बढ़ाई, उसके बाहर के संपर्कों और मिलने वालों ने एक बड़ा षड्यंत्र रच दिया। जेल के बाहर यह सनसनीखेज अफ़वाह फैला दी गई कि जेल में पांच कैदियों ने भूख हड़ताल शुरू कर दी है।
हालांकि, जेल प्रबंधन ने तुरंत इन तमाम अफवाहों का खंडन करते हुए साफ कर दिया कि भूख हड़ताल जैसी कोई बात नहीं है। असलियत सिर्फ इतनी है कि टोपे में नशीली सामग्री छिपाकर जेल के भीतर घुसने की कोशिश करने वाले इस कैदी को कड़ी निगरानी में रखा गया है, जिससे बौखलाकर यह झूठी अफवाहें फैलाई जा रही हैं।
इस पूरे प्रकरण से यह बड़ा भंडाफोड़ हुआ है कि कैसे शातिर अपराधी जेल के भीतर अवैध नशा पहुंचाने के लिए बेहद अजीबोगरीब और शातिर जगहों (जैसे कपड़ों की सिलाई या टोपियों) का इस्तेमाल करते हैं। फिलहाल, जेल प्रशासन अब कैदियों के इस नेटवर्क और उसके साथियों की गतिविधियों पर पैनी नजर बनाए हुए है। इन कैदियों को जेल अपराध से दण्डित किया गया है।
शातिर तस्करों ने अपनी करतूतों पर पर्दा डालने के लिए , जेल प्रशासन पर दबाव बनाने के लिए हड़ताल जैसी झूठी अफवाह फैलाई जा रही है ।