निम्बाहेड़ा। नगर परिषद निम्बाहेड़ा द्वारा पूर्व यूडीएच मंत्री एवं विधायक श्रीचंद कृपलानी के संरक्षण तथा सभापति श्रीमती शिल्पा भूतड़ा एवं उपसभापति निलेश मेहता के निर्देशन में आयोजित दस दिवसीय राष्ट्रीय दशहरा मेला–2026 का मंगलवार, 20 अक्टूबर की रात्रि को भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ समापन हुआ। मेले के अंतिम दिन मीरा रंगमंच पर नाईट किंग इवेन्ट, जोधपुर की ओर से आयोजित रंगारंग आर्केस्ट्रा कार्यक्रम ने दर्शकों को संगीत, नृत्य और मनोरंजन से सराबोर कर दिया। बॉलीवुड तड़का, आकर्षक डांस प्रस्तुतियों और सुरीले गीतों से सजी इस संगीतमय शाम में हजारों की संख्या में मेलार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मीरा रंगमंच पर संयोजक एवं पार्षद विक्रमादित्य खेरोदिया ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान मुंबई की डांसिंग क्वीन एवं आइटम परफॉर्मर, इंटरनेशनल बेली डांसर, बॉलीवुड थीम पर आधारित आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियों, कोलकाता के बॉलीवुड कपल डांसर्स और मेलोडियस वॉइस फेम महिला गायिका ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। कलाकारों ने अपनी प्रतिभा, आकर्षक नृत्य शैली और शानदार मंचीय प्रदर्शन से ऐसा समां बांधा कि पूरा मीरा रंगमंच तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
बॉलीवुड गीतों, राजस्थानी लोकधुनों और शानदार नृत्य प्रस्तुतियों ने बांधा समां-मीरा रंगमंच आयोजन समिति सदस्य एवं पार्षद महिपाल सिंह राणावत एवं पुष्कर चीनी सोनी ने बताया कि आर्केस्ट्रा कार्यक्रम में बॉलीवुड के लोकप्रिय गीतों के साथ राजस्थानी लोकधुनों, हिंदी रीमिक्स और पुराने-नए सदाबहार गानों की शानदार प्रस्तुतियां दी गईं। कलाकारों ने विभिन्न संगीत शैलियों और नृत्य विधाओं का समावेश कर दर्शकों को मनोरंजन की विविधतापूर्ण सौगात दी। गीतों की मधुर धुनों और ऊर्जावान नृत्य प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में लगातार उत्साह बनाए रखा। दर्शकों ने तालियां बजाकर कलाकारों का उत्साहवर्धन किया और प्रस्तुतियों का आनंद लिया। विशेष रूप से बॉलीवुड गीतों पर आधारित आकर्षक नृत्य, इंटरनेशनल बेली डांस और युगल नृत्य कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण रहे। महिला गायिका की सुरीली आवाज ने संगीतमय शाम को और भी यादगार बना दिया। मंच पर एक के बाद एक प्रस्तुतियों का सिलसिला चलता रहा और दर्शक देर रात तक कार्यक्रम का लुत्फ उठाते रहे।
अंतिम दिन उमड़ा जनसैलाब, यादगार सांस्कृतिक संध्या के साथ मेले का समापन-राष्ट्रीय दशहरा मेला–2026 के अंतिम दिन मीरा रंगमंच पर उमड़ी दर्शकों की भारी भीड़ ने मेले के प्रति क्षेत्रवासियों के उत्साह को प्रदर्शित किया। दस दिनों तक चले इस आयोजन में धार्मिक, सांस्कृतिक और मनोरंजक कार्यक्रमों के माध्यम से निम्बाहेड़ा सहित आसपास के क्षेत्रों से आए मेलार्थियों को विविध गतिविधियों का आनंद लेने का अवसर मिला। नगर परिषद निम्बाहेड़ा द्वारा आयोजित राष्ट्रीय दशहरा मेले ने धार्मिक परंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक मनोरंजन का सुंदर समन्वय प्रस्तुत किया। अंतिम दिन की रंगारंग आर्केस्ट्रा प्रस्तुति ने मेले की अंतिम सांस्कृतिक संध्या को यादगार बना दिया। उत्साह, उमंग और मनोरंजन से भरपूर वातावरण में दस दिवसीय राष्ट्रीय दशहरा मेला–2026 का समापन हुआ।
दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ- स्वागत समिति संयोजक एवं पार्षद रेणु कोठारी ने बताया कि मीरा रंगमंच पर आयोजित रंगारंग कार्यक्रमों की प्रस्तुतियों से पूर्व मंच पर मेला मजिस्ट्रेट एवं उपखंड अधिकारी विकास पंचोली के मुख्य आतिथ्य एवं पुलिस उप अधीक्षक शिवप्रकाश टेलर, तहसीलदार पुष्पेन्द्र सिंह, कोतवाली पुलिस थाना प्रभारी प्रवीण टांक के विशिष्ट आतिथ्य में मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। कोठारी ने बताया कि दीप प्रज्वलित करने के पश्चात मीरा रंगमंच संयोजक एवं पार्षद विक्रमादित्य खेरोदिया, सदस्य महिपाल सिंह राणावत ने अतिथियों का उपरना ओढ़ाकर, मेवाड़ी पगड़ी पहनाकर एवं पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया।