निम्बाहेड़ा/ कृषि उपज मंडी में आज मक्का की बंपर आवक ने नया रिकॉर्ड बना दिया। मंडी में एक ही दिन में करीब 50 से 60 हजार बोरी मक्का की आवक होने का दावा किया जा रहा है। इतनी बड़ी आवक को मंडी के इतिहास में पहली बार हुई आवक बताया जा रहा है। मंडी में चारों तरफ ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की कतारें और मक्का की बोरियां नजर आईं। बड़ी संख्या में किसान अपनी उपज लेकर मंडी पहुंचे, जिससे मंडी में खासी चहल-पहल रही।
किसानों का भरोसा,निम्बाहेड़ा मंडी की पहचान-किसानों का कहना है कि वे निम्बाहेड़ा मंडी में अपनी उपज इसलिए लेकर आते हैं, क्योंकि यहां उन्हें उचित भाव, सही तौल और समय पर भुगतान मिलने की उम्मीद रहती है। इसी भरोसे के चलते बड़ी संख्या में किसान अपनी मक्का बेचने के लिए निम्बाहेड़ा मंडी को प्राथमिकता दे रहे हैं।
 व्यापारियों ने भी माना आवक का रिकॉर्ड-
व्यपारियों के अनुसार,एक ही दिन में इतनी बड़ी मात्रा में मक्का की आवक पहले देखने को नहीं मिली। यह आवक निम्बाहेड़ा मंडी की बढ़ती व्यावसायिक गतिविधियों और क्षेत्र के किसानों की भागीदारी को दर्शाती है।
मक्का की इस बंपर आवक ने निम्बाहेड़ा मंडी को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है। किसानों की बड़ी भागीदारी और व्यापारियों की सक्रियता के बीच मंडी में मक्का कारोबार ने नया कीर्तिमान स्थापित करने का दावा किया है।