निम्बाहेड़ा/निम्बाहेड़ा रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं की कमी लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। कोच डिस्प्ले बोर्ड की मंजूरी के बावजूद अब तक काम शुरू नहीं होने से यात्रियों को इंतजार करना पड़ रहा है। वहीं, प्लेटफॉर्म नंबर-1 से नंबर-2 पर जाने के लिए लिफ्ट या एस्केलेटर नहीं होने से बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और भारी सामान लेकर चलने वाले यात्रियों को दिक्कत होती है।
प्लेटफॉर्म पर छोटे शेड होने से गर्मी, सर्दी और बारिश तीनों मौसम में यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ती है। गर्मियों में पेयजल की समुचित व्यवस्था का अभाव भी मुश्किलें बढ़ाता है। कुलियों की सुविधा नहीं होने से यात्रियों को भारी सामान खुद उठाकर ले जाना पड़ता है। स्टेशन के मुख्य गेट के बाहर सीढ़ियों पर ऑटो चालकों का जमावड़ा और ऑटो की अव्यवस्थित पार्किंग आवागमन में बाधा बनती है। वहीं, आरक्षण काउंटर पर कर्मचारियों की अनुपलब्धता की शिकायतें भी सामने आती रहती हैं। रेलवे प्रशासन कोच डिस्प्ले बोर्ड लगाने, लिफ्ट या एस्केलेटर उपलब्ध कराने, प्लेटफॉर्म के शेड बढ़ाने, पेयजल व्यवस्था सुधारने, कुलियों की सुविधा सुनिश्चित करने और ऑटो पार्किंग व्यवस्थित करने के साथ आरक्षण काउंटर की समस्याओं का तत्काल समाधान करे।
सांवलिया जी के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं सहित बड़ी संख्या में यात्रियों की आवाजाही वाले इस स्टेशन पर आखिर बुनियादी सुविधाएं कब सुधरेंगी? रेलवे प्रशासन इन समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कदम कब उठाएगा?