नीमच। आमजन की सुरक्षा और लोक परिवहन के वाहनों में यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए नीमच यातायात पुलिस ने रविवार, 25 अक्टूबर को कनावटी रोड स्थित पुलिस लाइन के सामने बसों की सघन जांच की। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशानुसार यातायात थाना प्रभारी मलखान सिंह एवं टीम ने कार्रवाई करते हुए बसों के दस्तावेजों और सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। जांच के दौरान बसों की फिटनेस, टैक्स, बीमा, पीयूसी, परमिट, फर्स्ट एड बॉक्स, स्पीड गवर्नर, अग्निशमन यंत्र, सीसीटीवी कैमरे, व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस, पैनिक बटन और आपातकालीन खिड़कियों की क्रियाशीलता की पड़ताल की गई। इसके साथ ही चालक और परिचालकों के लाइसेंस भी जांचे गए। कुल 13 बसों की जांच में 6 बसों में कमियां पाए जाने पर चालानी कार्रवाई करते हुए कुल ₹16,500 का शमन शुल्क अधिरोपित किया गया। कार्रवाई के दौरान यातायात पुलिस ने बस चालकों, परिचालकों और यात्रियों को शासन की राहवीर योजना, पीएम राहत कैशलेस ट्रीटमेंट योजना तथा हिट एंड रन योजना की जानकारी भी दी। पुलिस टीम ने योजनाओं के उद्देश्य, प्रक्रिया और लाभों के बारे में बताते हुए सड़क दुर्घटना की स्थिति में मिलने वाली सहायता के प्रति जागरूक किया।यातायात पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य लोक परिवहन को सुरक्षित बनाना, नियमों के उल्लंघन पर अंकुश लगाना और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।