नीमच। जिले में अपराधियों की धरपकड़ और कानून व्यवस्था मजबूत करने के लिए नीमच पुलिस ने 24 और 25 अक्टूबर की दरमियानी रात जिलेभर में विशेष कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। पुलिस की इस व्यापक कार्रवाई में फरार आरोपियों और वारंटियों की धरपकड़ से लेकर यातायात नियमों के उल्लंघन, अवैध शराब, सट्टे और आदतन अपराधियों की गतिविधियों पर निगरानी तक कई मोर्चों पर कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान पुलिस ने 97 वारंट तामील किए, 300 से अधिक वाहनों की जांच की और 44 होटल, लॉज व ढाबों को खंगाला। वहीं, 122 व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल के मार्गदर्शन में चलाए गए इस अभियान में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना एवं चौकी प्रभारियों सहित पुलिस बल ने भाग लिया। पुलिस अधीक्षक ने स्वयं वाहन चेकिंग स्थलों और होटलों का निरीक्षण किया। इसके साथ ही पुलिस थाना कुकड़ेश्वर का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

97 वारंट तामील, फरार आरोपियों पर शिकंजा-कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कुल 97 वारंट तामील किए। इनमें 37 स्थायी वारंट, एक फरारी वारंट और 59 गिरफ्तारी वारंट शामिल हैं। तामील किए गए वारंटों में मादक पदार्थ तस्करी से संबंधित दो, शरीर संबंधी अपराधों के 36 और संपत्ति संबंधी अपराधों के 28 वारंट शामिल रहे। अभियान का उद्देश्य लंबे समय से फरार आरोपियों की धरपकड़ के साथ न्यायालयीन प्रक्रिया के तहत लंबित वारंटों की तामील सुनिश्चित करना रहा।

300 से ज्यादा वाहन जांचे, 128 चालकों पर कार्रवाई-यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध जिले में 12 स्थानों पर संयुक्त वाहन चेकिंग पॉइंट बनाए गए। यहां 300 से अधिक वाहनों की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले 128 वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए 57,400 रुपये समन शुल्क वसूला गया। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम की धारा 185 के तहत भी वैधानिक कार्रवाई की गई।

अवैध शराब के 11 प्रकरण, सट्टे का एक मामला दर्ज-अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए चलाए गए अभियान में आबकारी अधिनियम के तहत 11 प्रकरण दर्ज किए गए। पुलिस ने इन मामलों में करीब 5,400 रुपये मूल्य की 54 लीटर अवैध देशी एवं कच्ची शराब जब्त की। वहीं, सट्टा अधिनियम के तहत एक प्रकरण दर्ज कर 400 रुपये नकद बरामद किए गए।

94 निगरानी बदमाशों की गतिविधियां खंगालीं-अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस ने जिले के 94 सक्रिय निगरानी एवं गुंडा-बदमाशों की जांच की। इस दौरान उनके वर्तमान निवास, मौजूदगी और आजीविका के स्रोतों से संबंधित जानकारी जुटाई गई। पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और संभावित अपराधों की रोकथाम के उद्देश्य से यह कार्रवाई की।

44 होटल, लॉज और ढाबों की जांच-कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस टीमों ने जिले के 44 होटल, लॉज और ढाबों की सघन जांच की। संचालकों को निर्देश दिए गए कि प्रतिष्ठानों में आने वाले संदिग्ध व्यक्तियों और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दें। साथ ही सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के लिए भी कहा गया।

122 लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई-जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने और संभावित विवादों को रोकने के लिए पुलिस ने 122 व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। इसके अतिरिक्त सार्वजनिक एवं संवेदनशील स्थलों, एटीएम और अन्य प्रमुख स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण कर सतर्कता बरती गई।

अपराधियों पर निगरानी, अभियान आगे भी जारी-पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने कहा कि नीमच पुलिस जिले में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। फरार आरोपियों, वारंटियों, आदतन अपराधियों और अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध प्रभावी वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी। आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने और अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए भविष्य में भी इस तरह के विशेष अभियान चलाए जाएंगे।

कॉम्बिंग गश्त के आंकड़े एक नजर में