जावद। राष्ट्रभक्ति, एकता और संगठनात्मक मजबूती के संदेश के साथ जावद में कांग्रेस सेवादल ने रविवार को मासिक झंडा वंदन कार्यक्रम आयोजित किया। जावद बस स्टैंड पर आयोजित कार्यक्रम में सेवादल के जिला अध्यक्ष गजेंद्र यादव ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को सलामी दी। कांग्रेस सेवादल की ओर से प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को झंडा वंदन कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। संगठन पिछले कई महीनों से इस परंपरा का नियमित रूप से निर्वहन कर रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य कार्यकर्ताओं में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने के साथ आपसी एकता और संगठन के प्रति समर्पण को बढ़ावा देना है।

दिल्ली आंदोलन में शामिल होने का आह्वान-कार्यक्रम के दौरान आगामी 1 तारीख को दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में प्रस्तावित आंदोलन को लेकर भी चर्चा की गई। सेवादल के पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं को आंदोलन की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक संख्या में दिल्ली पहुंचकर भागीदारी निभाने का आह्वान किया। इस दौरान संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।

सेवादल के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता रहे मौजूद-कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष गजेंद्र यादव के साथ जावेद दुर्रानी, इलियास कुरैशी, बेबी मेहरा, शामिदा मिर्जा, मनमोहन सिंह, भुवान सिंह, पंकज ऐरन, युवराज झरिया, मनोज झरिया, दिनेश पाटीदार, दिनेश बायड, हाफिज अब्दुल, विष्णु नागर, खाकरमल पंवार और देवेंद्र हंसवाल सहित कांग्रेस सेवादल के कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और संगठनात्मक एकजुटता के संदेश के साथ हुआ।