नीमच। जिले के ग्राम सगराना में पुनर्विवाह और पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट का मामला सामने आया है। एक महिला ने अपने पूर्व पति सहित पांच लोगों पर लाठी, कुल्हाड़ी और पत्थरों से हमला करने का आरोप लगाया है। महिला के अनुसार, हमले में उसके वर्तमान पति और ससुर के सिर में गंभीर चोटें आईं,जबकि सास का हाथ टूट गया। पति के सिर के दो ऑपरेशन होने की बात भी शिकायत में कही गई है। पीड़िता ने जिला पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत सौंपकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

घर पहुंचकर हमला करने का लगाया आरोप
पीड़िता दिलखुशबाई निवासी ग्राम सगराना, तहसील नीमच के अनुसार, घटना 12 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 7:30 बजे की शिकायत में बताया गया कि करीब चार-पांच महीने पहले उसने जितेंद्र सिंह राजपूत से विवाह किया था। इसके बाद दोनों गांव से बाहर रहने लगे थे। महिला का आरोप है कि गांव लौटने के बाद पुनर्विवाह और पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हुआ।
शिकायत के मुताबिक,नरभेसिंह, भोपालसिंह,श्याम सिंह,मंजूबाई और संतोष बाई कथित तौर पर एकराय होकर उसके घर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने गाली-गलौज करते हुए घर के बाहर खड़े ससुर पद्मसिंह, पति जितेंद्र सिंह और सास निहालबाई के साथ मारपीट शुरू कर दी। 

कुल्हाड़ी और लाठी से वार करने का आरोप
पीड़िता ने शिकायत में आरोप लगाया कि भोपालसिंह ने कुल्हाड़ी और लकड़ी से उसके ससुर के सिर पर वार किया, जबकि नरभेसिंह ने लाठी से पति जितेंद्र सिंह के सिर पर हमला किया। महिला ने श्याम सिंह और अन्य लोगों पर सास तथा देवर के साथ भी मारपीट करने का आरोप लगाया है। घटना में सास निहालबाई का हाथ टूटने की बात भी शिकायत में कही गई है।
पति के सिर के दो ऑपरेशन,ससुर को भी उदयपुर रेफर किया
महिला के अनुसार,पति जितेंद्र सिंह और ससुर पद्मसिंह के सिर में गंभीर चोटें आने के कारण उन्हें उपचार के लिए उदयपुर रेफर करना पड़ा। शिकायत में बताया गया कि पति जितेंद्र सिंह के सिर के दो ऑपरेशन किए गए। घटना के बाद परिवार को उपचार और अन्य परेशानियों का सामना करना पड़ा।
वाहनों में तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी का आरोप
पीड़िता ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान हमलावरों ने परिवार को गांव में रहने पर जान से मारने की धमकी दी। घर के बाहर खड़ी रिश्तेदारों की कार और मोटरसाइकिल में तोड़फोड़ करने के साथ मकान पर पत्थर फेंकने का भी आरोप लगाया गया है।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि मौके पर पहुंची डायल-100 पुलिस सेवा और एंबुलेंस को आरोपियों ने वहां से जाने के लिए मजबूर कर दिया। बाद में पुलिस की मदद से घायलों को नीमच अस्पताल पहुंचाया गया।
एसपी से कार्रवाई और सुरक्षा की मांग
पीड़िता दिलखुशबाई ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमले सहित अन्य संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही, उसने अपने पति, ससुराल पक्ष और परिवार के अन्य सदस्यों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की गुहार लगाई है।
फिलहाल, ये आरोप पीड़िता की शिकायत पर आधारित हैं। मामले में आरोपों की पुलिस जांच और संबंधित पक्षों का आधिकारिक पक्ष सामने आने के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।