नीमच। अल्प वर्षा के कारण पहले ही सूखे की मार झेल रहे जीरन नगर पर अब कृत्रिम जल संकट का साया मंडराने लगा है। महज 3 फीट भरे और 7 फीट खाली पड़े ऐतिहासिक जीरन तालाब से चंद प्रभावशाली और धनी किसानों को लाभ पहुंचाने के लिए जल संसाधन विभाग नहर खोलने पर आमादा नजर आ रहा है। विभाग की इस कार्यप्रणाली के विरोध में अब नगर परिषद और आम जनता खुलकर मैदान में आ गई है।
कोरम के नाम पर मजाक: 350 में से सिर्फ 10 किसान पहुंचे-मामला तब गरमाया जब जल संसाधन विभाग ने जीरन के गणपति मंदिर परिसर में तालाब की नहर खोलने को लेकर आनन-फानन में एक बैठक बुलाई। हैरत की बात यह रही कि जीरन तालाब से सिंचाई का लाभ लेने वाले कुल 350 पंजीकृत किसानों में से केवल 8 से 10 किसान ही बैठक में पहुंचे। उपस्थित किसानों की उंगलियों पर गिनी जाने वाली संख्या के बावजूद विभाग ने नहर खोलने का प्रस्ताव पारित कर दिया। नगर के प्रबुद्ध नागरिकों ने इसे नियमों की धज्जियां उड़ाने वाला और महज दिखावा करार दिया है।
नगर परिषद सीएमओ ने दर्ज कराई कड़ी आपत्ति-बैठक में नगर परिषद जीरन के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) ने पत्र के जरिए इस फैसले पर कड़ा ऐतराज जताया। पत्र के जरिए कहा गया है कि "अल्प वर्षा के कारण तालाब में नाममात्र का पानी (महज 3 फीट) है। यदि अभी नहर खोल दी गई,तो आने वाले गर्मी के दिनों में पूरे नगर में भीषण पेयजल संकट खड़ा हो जाएगा।पहली प्राथमिकता नागरिकों के पीने के पानी की होनी चाहिए,न कि चुनिंदा खेतों की सिंचाई।"
सांठगांठ का आरोप, कलेक्टर से हस्तक्षेप की मांग-नगरवासियों ने खुला आरोप लगाया है कि जल संसाधन विभाग के कुछ अधिकारी स्थानीय प्रभावशाली नेताओं और बड़े काश्तकारों के दबाव व मिलीभगत के चलते जीरन की 15 हजार से अधिक आबादी की प्यास को दांव पर लगा रहे हैं।
गंभीर हालात को देखते हुए नागरिकों ने जिला कलेक्टर हिमांशु चंद्रा से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है।नागरिकों का कहना है कि नगर के भविष्य और गंभीर पेयजल संकट को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष जीरन तालाब से सिंचाई के लिए नहर खोलने पर तत्काल पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए। यदि प्रशासन ने समय रहते हस्तक्षेप नहीं किया, तो नगरवासियों को उग्र आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा।