सिंगोली (सतीश सैन)। मुख्यमंत्री की मंशानुरूप और नीमच जिला कलेक्टर हिमांशु चंद्र के सख्त निर्देशों के बाद सिंगोली तहसील क्षेत्र में 'स्वामित्व योजना' के तहत ग्रामीणों को उनकी आबादी भूमि का मालिकाना हक देने का काम युद्ध स्तर पर जारी है। इस शासकीय महाभियान को धरातल पर अमलीजामा पहनाने में राजस्व निरीक्षक (RI) व पटवारी प्रकाश शुक्ला एक बड़े 'कर्मवीर' बनकर उभरे हैं। उन्होंने झांतला हल्के के अंतर्गत आने वाले मुख्य झांतला गांव में मोर्चे को बेहद आक्रामक और मुस्तैद ढंग से संभाल रखा है। झांतला हल्के के प्रॉपर झांतला गांव में कुल 350 पात्र हितग्राहियों की संपत्तियों की रजिस्ट्री का कठिन लक्ष्य तय किया गया है, जिसमें से पटवारी प्रकाश शुक्ला ने अपनी बेमिसाल कार्यशैली और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए अब तक रिकॉर्ड 225 हितग्राहियों को उनके प्रॉपर्टी कार्ड (मुफ्त रजिस्ट्री) सौंप दिए हैं। शेष बचे मात्र 125 हितग्राहियों का कार्य भी उन्होंने आगामी दो से तीन दिनों के भीतर शत-प्रतिशत पूर्ण करने का अटूट संकल्प लिया है।
देर रात 10 बजे मैदान में डटे मिले पटवारी, विधायक ने की मुक्तकंठ से सराहना
इस महाभियान के बीच बीते दिन एक बेहद गौरवपूर्ण और सकारात्मक तस्वीर सामने आई, जब जावद क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक ओमप्रकाश सखलेचा ने झांतला गांव के पटेल मोहल्ले में देर रात चल रहे कार्य का औचक निरीक्षण किया। जब हर कोई अपने घरों में आराम कर रहा था, तब रात करीब 10:00 बजे पटवारी प्रकाश शुक्ला पूरी तन्मयता और मुस्तैदी से ग्रामीणों के बीच जमीन पर बैठकर रजिस्ट्रियों का कार्य पूरा कर रहे थे। शासकीय दायित्वों के प्रति ऐसा अद्वितीय समर्पण और मैदानी सक्रियता देखकर विधायक सखलेचा दंग रह गए। उन्होंने तुरंत आगे बढ़कर पटवारी प्रकाश शुक्ला के इस जज्बे की खुले दिल से सराहना की।
दिन में खेत,दोपहर में सर्वर डाउन;पटवारी प्रकाश शुक्ला ने चुनौतियों को बनाया अवसर
विधायक से चर्चा के दौरान पटवारी प्रकाश शुक्ला ने रात में मोर्चा संभालने की बेहद व्यावहारिक और न्यायसंगत वजह स्पष्ट करते हुए बताया कि वर्तमान समय में क्षेत्र का अन्नदाता पूरी तरह से अपने खेतों में फसल की देखरेख और काम में जुटा हुआ है। दिन के समय किसान और ग्रामीण अपने घरों पर नहीं मिलते हैं। इसके अतिरिक्त, दोपहर के वक्त पोर्टल का सर्वर डाउन रहने के कारण भी ऑनलाइन फीडिंग में भारी तकनीकी रुकावट आती है। पटवारी शुक्ला ने कहा, "हमारे लिए किसानों का हित और शासन की मंशा सबसे ऊपर है। दिन की इन दोहरी चुनौतियों को हमने रुकावट नहीं बनने दिया, बल्कि इसे एक अवसर में बदला। ग्रामीणों की सुविधा और समय-सीमा में कार्य पूरा करने के लिए हमारी टीम रात 9:00 बजे से लेकर देर रात 1:00 बजे तक घर-घर जाकर यह कार्य कर रही है, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति इस लाभ से वंचित न रह जाए।"
भावविभोर होकर विधायक सखलेचा ने ज्ञापित किया धन्यवाद-पटवारी प्रकाश शुक्ला के इस जनहितैषी दृष्टिकोण, दूरदर्शिता और अद्भुत कार्यप्रणाली को सुनकर विधायक ओमप्रकाश सखलेचा भावविभोर हो गए। उन्होंने पटवारी प्रकाश शुक्ला के इस अनुकरणीय और सराहनीय कार्य को देखकर न केवल उनकी जमकर पीठ थपथपाई, बल्कि शासकीय सेवा के प्रति ऐसे उत्कृष्ट व अनुकरणीय समर्पण के लिए उन्हें सहृदय धन्यवाद भी ज्ञापित किया। विधायक ने मंचों और चर्चाओं में मिसाल देते हुए कहा कि जनता के प्रति पटवारी प्रकाश शुक्ला जैसी अटूट सेवा भावना ही मध्य प्रदेश शासन की लोक कल्याणकारी योजनाओं को सौ फीसदी सफल बनाती है।
वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में झांतला बना पूरे जिले के लिए नजीर-उल्लेखनीय है कि सिंगोली तहसीलदार ऋषभ कुमार ठाकुर और प्रभारी तहसीलदार बसंतीलाल डाबी भी इस पूरे अभियान पर पैनी नजर बनाए हुए हैं और पटवारी प्रकाश शुक्ला की इस ऊर्जावान टीम को पूरा प्रशासनिक बैकअप दे रहे हैं। वरिष्ठ अधिकारियों के कुशल मार्गदर्शन और पटवारी प्रकाश शुक्ला जैसे धरातल के कर्मवीरों की दिन-रात की अविराम मेहनत का ही परिणाम है कि सिंगोली तहसील के इस अंचल में पात्र परिवारों को पहली बार अपनी संपत्ति का वास्तविक और कानूनी मालिकाना हक बिना किसी परेशानी के घर बैठे मिल रहा है। झांतला हल्के के प्रॉपर झांतला गांव में चलाया जा रहा यह अनूठा और रिकॉर्डतोड़ अभियान आज पूरे नीमच जिले के राजस्व विभाग के लिए एक बड़ी मिसाल और गौरव का विषय बनकर उभरा है।