सिंगोली (सतीश सैन)। मध्य प्रदेश और राजस्थान की सीमा पर स्थित सिंगोली तहसील के सुदूर अंचल के अन्नदाताओं के लिए ऐतिहासिक और बेहद भावुक कर देने वाली खुशखबरी है। जल संसाधन विभाग , नीमच द्वारा क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित और वर्षों से लंबित 'अरनिया महादेव टैंक परियोजना' (बिना नहर के) के निर्माण की टेंडर प्रक्रिया को अंतिम रूप दे दिया गया है। कभी बेहद जटिल प्रशासनिक अड़चनों और तकनीकी पेंच के कारण ठंडे बस्ते में चली गई यह जीवनदायिनी सिंचाई योजना अब क्षेत्रीय विधायक ओमप्रकाश सकलेचा की दृढ़ इच्छाशक्ति, कड़े नीतिगत स्टैंड और अथक प्रयासों से धरातल पर उतरने के लिए पूरी तरह तैयार है। इस बड़ी सौगात की खबर मिलते ही धारडी और अरनिया बेल्ट के सैकड़ों किसानों के चेहरे खिल उठे हैं और अंचल में जश्न का माहौल है।
विधायक सकलेचा की 'दिल्ली-भोपाल' तक पैरवी से मिली बड़ी कामयाबी-धारडी ग्राम पंचायत के अंतर्गत मध्यप्रदेश-राजस्थान सीमा पर स्थित मेडकी महादेव पर्वत शृंखला के समीप इस जलाशय का निर्माण प्रस्तावित है। यह बांध क्षेत्र के सूखाग्रस्त हालातों को बदलने और किसानों की आर्थिक समृद्धि के लिए बेहद जरूरी था, लेकिन तमाम तकनीकी जटिलताओं के चलते सालों से यह सिर्फ फाइलों में ही दबा रहा। क्षेत्र के किसानों की इस गंभीर पीड़ा और उनकी पुकार को देखते हुए विधायक ओमप्रकाश सकलेचा ने इसे अपनी प्रतिष्ठा का सवाल बनाया और सर्वोच्च प्राथमिकता में लिया। विधायक सकलेचा ने भोपाल से लेकर स्थानीय प्रशासनिक स्तर तक लगातार नीतिगत पैरवी की* इस बड़ी बाधा को जड़ से दूर करने के लिए उनके प्रयासों से आखिरकार तमाम क्लीयरेंस और एनओसी को मंजूर कराया गया, जिससे अब यह बांध बनने की ओर तेजी से अग्रसर हो चुका है।
खेती और खुशहाली का नया अध्याय: 195 हेक्टेयर में लहलहाएगी फसल-नीमच सिंचाई विभाग से प्राप्त आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, इस बांध का निर्माण ₹3.3 करोड़ की अनुमानित लागत से टर्नकी आधार पर किया जा रहा है। बिना नहर वाली इस आधुनिक टैंक परियोजना के तहत स्थानीय पहाड़ी नाले पर एक मजबूत मुख्य बांध बनेगा, जिसमें 0.769 मिलियन क्यूबिक मीटर) पानी का संग्रहण किया जा सकेगा। इस संचित पानी से अरनिया, धारडी और सीमा से सटे सुदूर क्षेत्रों की 195 हेक्टेयर (लगभग 480 एकड़) कृषि भूमि को सीधे तौर पर सिंचाई की सुविधा मिलेगी। इस पथरीले बेल्ट में पानी पहुँचने से फसलों को जीवनदान मिलेगा, भूजल स्तर सुधरेगा और गर्मी के दिनों में होने वाला भीषण पेयजल संकट हमेशा के लिए समाप्त हो जाएगा। साथ ही, रोजगार के अभाव में होने वाला किसानों का पलायन भी थमेगा।
वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने विधायक सकलेचा के प्रति जताया गहरा आभार-परियोजना को मिली इस ऐतिहासिक प्रशासनिक हरी झंडी के बाद सिंगोली भाजपा मंडल के पूर्व अध्यक्ष गोपाल धाकड़, मंडल महामंत्री पारस कुमार जैन और मंडल महामंत्री औकारलाल धाकड़ सहित क्षेत्र के अनेक वरिष्ठ नेताओं व जनप्रतिनिधियों ने विधायक ओमप्रकाश सकलेचा के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया है। पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष गोपाल धाकड़ ने कहा कि इस गंभीर पीड़ा को केवल विधायक सकलेचा जी ने समझा और प्रोजेक्ट को धरातल पर उतारा। मंडल महामंत्री पारस कुमार जैन ने कहा कि यह सौगात सिंगोली अंचल के विकास में स्वर्णिम अध्याय लिखेगी। वहीं, मंडल महामंत्री औकारलाल धाकड़ ने अपने विशेष वर्जन में कहा कि मेडकी महादेव बेल्ट में अरनिया बांध का निर्माण होना किसानों के लिए वरदान है। विधायक जी ने जिस लगन से हर तकनीकी बाधा को दूर करवाया है, उसने साबित कर दिया है कि वे क्षेत्र के विकास के लिए पूरी तरह समर्पित हैं।
जल्द जारी होगा वर्क आदेश, शुरू होगा निर्माण कार्य-जल संसाधन विभाग द्वारा इस महत्वपूर्ण निर्माण कार्य के लिए टेंडर मूल्यांकन की प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। विभागीय स्क्रूटनी और सबसे कम बजट का प्रस्ताव देने वाली निर्माण एजेंसी के अंतिम चयन के तुरंत बाद आधिकारिक वर्क आदेश जारी कर अनुबंध की औपचारिकताएं पूर्ण होते ही मौके पर जमीनी स्तर पर निर्माण कार्य की शुरुआत कर दी जाएगी।