नीमच जिले में स्वामित्व योजना के तहत 19,511 रजिस्ट्रियां होना निश्चित रूप से अच्छी पहल है, लेकिन इसके पीछे छिपी ग्रामीणों की परेशानी को भी सरकार और प्रशासन को समझना होगा। आंकड़ों के अनुसार, लगभग 70 प्रतिशत लोगों ने पिछले पांच वर्षों से पंचायत टैक्स जमा नहीं किया है और करीब 20 प्रतिशत लोगों पर 12 वर्षों से अधिक का बकाया है। ऐसे में रजिस्ट्री से पहले एनओसी (नो ड्यूज) अनिवार्य करना गरीब और मध्यमवर्गीय ग्रामीण परिवारों के लिए नई आर्थिक मुसीबत खड़ी कर सकता है। मेरा सवाल है कि जिस गरीब परिवार को वर्षों बाद अपने मकान का मालिकाना हक मिलने की उम्मीद जगी है, क्या उसे पुराने बकाया के बोझ तले दबाना उचित है? सरकार एक तरफ मुफ्त रजिस्ट्री का प्रचार कर रही है, वहीं दूसरी तरफ एनओसी की अनिवार्यता से ग्रामीणों के सामने नई बाधाएं खड़ी हो रही हैं। सरकार को चाहिए कि पुराने बकाया के मामलों में मानवीय दृष्टिकोण अपनाए, गरीबों को राहत दे और स्वामित्व योजना का लाभ बिना अनावश्यक बाधा के दिलाए। योजना का उद्देश्य गरीब को मालिकाना हक देना है, न कि उसे कर्ज और बकाया के बोझ में उलझाना।एड. प्रकाश रांका
पूर्व जिला उपाध्यक्ष, कांग्रेस पार्टी
नीमच – जावद विधानसभा क्षेत्र 230